Gold silver prices: सोना-चांदी में जोरदार तेजी: चांदी के दामों में ₹17,000 का उछाल और सोना ₹1.48 लाख के पार

3 Min Read

Gold silver prices

नई दिल्ली, एजेंसियां। भारत और अमेरिका के बीच हुई ऐतिहासिक ट्रेड डील का असर अब साफ तौर पर घरेलू और वैश्विक कमोडिटी बाजारों में दिखाई देने लगा है। बीते तीन दिनों की गिरावट के बाद मंगलवार को सोने और चांदी की कीमतों में जबरदस्त उछाल दर्ज किया गया। एमसीएक्स (MCX) पर चांदी जहां रिकॉर्ड तेजी के साथ चमकी, वहीं सोना भी नई ऊंचाइयों के बेहद करीब पहुंच गया।

चांदी की कीमतों में तूफानी तेज

मंगलवार सुबह शुरुआती कारोबार में चांदी की कीमतों में तूफानी तेजी देखने को मिली। मार्च डिलीवरी वाली चांदी में करीब 17,000 रुपये से ज्यादा का उछाल दर्ज किया गया। सुबह 9:30 बजे तक चांदी 17,738 रुपये की बढ़त के साथ 2,53,999 रुपये प्रति किलोग्राम पर कारोबार कर रही थी। बाजार जानकारों का कहना है कि अमेरिका द्वारा भारतीय उत्पादों पर टैरिफ घटाने से औद्योगिक मांग बढ़ने की उम्मीद बनी है, जिसका सीधा फायदा चांदी को मिला है।

सोने की कीमतों में भी तेजी

चांदी के साथ-साथ सोने की कीमतों में भी मजबूती देखने को मिली। अप्रैल डिलीवरी वाला सोना मंगलवार को 4,595 रुपये की तेजी के साथ 1,48,586 रुपये प्रति 10 ग्राम के स्तर पर पहुंच गया। वैश्विक अनिश्चितताओं और डॉलर में उतार-चढ़ाव के बीच निवेशकों ने एक बार फिर सोने को सुरक्षित निवेश विकल्प के रूप में चुना है।

विशेषज्ञों के मुताबिक

विशेषज्ञों के मुताबिक, इस तेजी के पीछे भारत-अमेरिका ट्रेड डील और बजट 2026 का दोहरा असर है। ट्रेड डील के तहत अमेरिका ने भारतीय उत्पादों पर लगने वाला टैरिफ 50% से घटाकर 18% कर दिया है, जिससे रत्न और आभूषण क्षेत्र के निर्यात में तेजी आने की संभावना है। वहीं बजट 2026 में सोने पर कस्टम ड्यूटी में की गई कटौती ने भी घरेलू बाजार की धारणा को मजबूत किया है।

निवेशकों के लिए बाजार विशेषज्ञों की राय है कि फिलहाल यह तेजी आगे भी जारी रह सकती है, हालांकि वैश्विक भू-राजनीतिक हालात और अंतरराष्ट्रीय बाजारों की चाल पर नजर बनाए रखना जरूरी है। मौजूदा हालात में सोना-चांदी ने ज्वेलर्स और निवेशकों दोनों को राहत और उत्साह दिया है।

Share This Article