राजस्थान में सीपी जोशी चीफ और बिहार में सम्राट चौधरी को कमान
नयी दिल्ली। भाजपा ने गुरुवार को पार्टी के भीतर बड़े बदलाव किए। 4 राज्यों में भाजपा अध्यक्ष को बदला गया है। भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा ने राजस्थान की कमान सीपी जोशी को सौंपी है। ओडिशा में मनमोहन सामल, दिल्ली में वीरेंद्र सचदेव और बिहार में सम्राट चौधरी को अध्यक्ष बनाया गया है।
राजस्थान में इस साल यानी 2023 में विधानसभा चुनाव होना है। दिल्ली और बिहार में 2025 और ओडिशा में 2024 में विधानसभा चुनाव होंगे।
दिल्ली में नहीं था स्थायी अध्यक्ष
भाजपा ने ढाई महीने से ज्यादा के इंतजार के बाद दिल्ली प्रदेश के अध्यक्ष की घोषणा कर दी है। पार्टी ने कार्यकारी अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा को स्थायी अध्यक्ष बनाया है। नगर निगम चुनाव में हार के बाद आदेश गुप्ता ने हार की जिम्मेदारी लेते हुए अध्यक्ष पद से इस्तीफा दे दिया था। इसके बाद वीरेंद्र सचदेवा को पार्टी हाईकमान ने दिल्ली BJP का कार्यकारी अध्यक्ष नियुक्त किया था।
तीन बार मंत्री रह चुके हैं सम्राट
बिहार भाजपा के नए प्रदेश अध्यक्ष सम्राट चौधरी होंगे। जेपी नड्डा ने उन्हें ये जिम्मेदारी सौंपी है। पार्टी ने लेटर जारी कर इसकी जानकारी दी है। सम्राट चौधरी कुशवाहा समाज से आते हैं और बिहार सरकार में तीन बार मंत्री रह चुके हैं।
इनके और इनके पिता पूर्व मंत्री शकुनी चौधरी की बिहार में काफी राजनीतिक पैठ मानी जाती है। सम्राट चौधरी उस समय विवादों में आए थे, जब लालू यादव की कैबिनेट में सबसे कम उम्र के मंत्री बन गए थे। फिर लंबे बवाल के बाद उन्हें मंत्री पद से हटना पड़ा था।
सीपी जोशी को भाजयुमो का लंबा अनुभव
राजस्थान में भाजपा ने विधानसभा चुनाव से आठ महीने पहले संगठन में बड़ा बदलाव किया है। सतीश पूनिया की जगह चित्तौड़गढ़ से सांसद सीपी जोशी को नया प्रदेश अध्यक्ष बनाया है। चंद्र प्रकाश जोशी चित्तौड़गढ़ से दो बार लोकसभा पहुंचे हैं। वह पहले 2014 में फिर 2019 में इस सीट से चुनाव जीते। जोशी भाजपा के यूथ विंग, भाजयुमो के प्रदेश प्रेसिडेंट हैं।
संगठन बनाने में माहिर हैं मनोहर सामल
ओडिशा में मनमोहन सामल ओडिशा के पूर्व मंत्री रह चुके हैं। उन्हें समीर मोहंती की जगह राज्य का पार्टी अध्यक्ष बनाया गया है। पार्टी प्रेसिडेंट के तौर पर मोहंती का तीन साल का टर्म इस साल 16 जनवरी को पूरा हो गया था। नया अध्यक्ष न चुने जाने के कारण वे अब तक पार्टी प्रेसिडेंट का काम संभाल रहे थे।