पटना, एजेंसियां। बिहार में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष दिलीप जायसवाल के बयान पर बवाल मच गया है। लालू प्रसाद यादव को लेकर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने ‘फादर ऑफ क्राइम’ कह दिया है। साथ ही उन्होंने यह भी सुझाव दिया है कि लालू को इस नाम से एक पुरस्कार मिलना चाहिए। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष के इस बयान से राजद भड़का हुआ है।
BJP अध्यक्ष को मिला मंत्री संतोष सिंह का समर्थनः
वहीं, जायसवाल के इस बयान का राज्य सरकार के मंत्री संतोष सिंह ने समर्थन किया है। संतोष सिंह ने कहा है कि लालू प्रसाद यादव को ‘फादर ऑफ क्राइम’ का पुरस्कार जरूर मिलना चाहिए। अगर ऐसा कोई अवार्ड का प्रावधान नहीं है, तो उसे बनाना चाहिए। क्योंकि लालू यादव ने भारत का इतिहास गंदा किया है। जंगलराज का दौर किसी से छुपा नहीं है। जो लोग इस दौरान डर के साये में जीते थे, वे आज भी बिहार आने से कतराते हैं। इसलिए भाजपा अध्यक्ष का बयानसही है।
JDU प्रवक्ता ने भी दिया साथः
वहीं, इस बयान को लेकर JDU प्रवक्ता नीरज कुमार ने कहा कि सच कड़वा होता है और माननीय उच्च न्यायालय ने लालू यादव और राबड़ी देवी के शासन को जंगलराज कहा था। हम इसे आतंकराज मानते थे। अगर अपराध के क्षेत्र में विशेष योगदान देने के लिए पुरस्कार दिया जाए, तो इसमें यह नाम जरूर आएगा।
RJD का पलटवारः
इस मामले में RJD प्रवक्ता शक्ति सिंह ने भाजपा अध्यक्ष के बयान पर पलटवार किया। उन्होंने कहा कि “अगर कोई क्राइम का ग्रैंड फादर है, तो वह बीजेपी के शीर्ष नेतृत्व हैं। गुजरात और मालेगांव में जो कुछ हुआ, वह सभी को याद है। ऐसे में अगर किसी को इस अवार्ड का हक है, तो वह बीजेपी नेताओं को ही मिलेगा।”
क्या है BJP अध्यक्ष का बयानः
दिलीप जायसवाल ने अपने बयान में कहा था कि लालू प्रसाद यादव के शासन में जितने अपराध बढ़े, अब हम उसे संभालने की कोशिश कर रहे हैं। यह अपराधी राक्षसों की तरह होते हैं, जिन्हें एक बार खत्म करो तो 100 नए जन्म लेते हैं। उनकी यह पहचान अब जनता और मीडिया में बन चुकी है। वे ‘फादर ऑफ क्राइम’ के रूप में पहचाने जाते हैं।
इसे भी पढ़ें
दो बार गलती कर चुके…’ लालू यादव के ऑफर पर नीतीश कुमार की खरी-खरी