Bihar Election 2025:
पटना, एजेंसियां। बिहार विधानसभा चुनाव में विपक्ष किस नाम से मैदान में उतरेगा, यह आज तय हो जाएगा। लालू प्रसाद यादव और तेजस्वी यादव जहां पारंपरिक ‘महागठबंधन’ के नाम पर अडिग हैं, वहीं राहुल गांधी और कांग्रेस ‘I.N.D.I.A.’ के बैनर को आगे बढ़ाना चाहते हैं। सीट बंटवारे और गठबंधन की अंतिम रूपरेखा पर आज फैसला होना है।
राजद अध्यक्ष लालू प्रसाद यादव ने सीट बंटवारे से पहले ही सिम्बल (चिह्न) बांट दिए थे, जिससे कांग्रेस खफा हो गई थी। हालांकि खबरों में यह दावा किया गया कि तेजस्वी यादव ने सिम्बल वापस करा दिए, लेकिन हकीकत यह है कि लालू यादव ने उसके बाद भी सीटों पर वितरण जारी रखा।
कांग्रेस और वाम दलों के कई प्रत्याशियों ने नामांकन की घोषणा भी कर दी है। अब सवाल यह है कि बिहार में विपक्ष ‘महागठबंधन’ के नाम से लड़ेगा या ‘I.N.D.I.A.’ के नाम से। राहुल गांधी चाह रहे हैं कि बिहार में विपक्ष राष्ट्रीय स्तर पर बने इंडी एलायंस के बैनर तले उतरे, ताकि पूरे देश में एक समान संदेश जाए। वहीं लालू और तेजस्वी चाहते हैं कि राज्य में महागठबंधन का पुराना चेहरा बरकरार रखा जाए।
महागठबंधन की जड़ें
महागठबंधन की जड़ें यूपीए काल में पड़ी थीं, जब राजद और कांग्रेस ने साथ मिलकर बिहार में चुनाव लड़े थे। यही गठबंधन आगे चलकर महागठबंधन कहलाया। नीतीश कुमार भी दो बार इसी महागठबंधन के साथ सरकार बना चुके हैं। वहीं I.N.D.I.A. एलायंस की शुरुआत 2023 में पटना से हुई थी, जब नीतीश कुमार ने विपक्षी दलों की पहली बैठक बुलाई थी। उसी से भारतीय राष्ट्रीय विकासशील समावेशी गठबंधन की नींव रखी गई थी। हालांकि, बाद में नाम को लेकर मतभेद सामने आए। नीतीश कुमार को “I.N.D.I.A.” नाम पर आपत्ति थी। उनका कहना था कि देश के नाम को राजनीतिक गठबंधन से जोड़ना गलत है। यही वजह रही कि वे इस नाम से असहज रहे और बाद में अलग हो गए।
मुख्यमंत्री पद के चेहरे पर मतभेद नहीं
मुख्यमंत्री पद के चेहरे पर फिलहाल किसी को लेकर मतभेद नहीं है। तेजस्वी यादव को ही विपक्ष का चेहरा माना जा रहा है। कांग्रेस के नेता भले खुलकर न बोलें, लेकिन उनके प्रत्याशी भी तेजस्वी के नाम पर ही प्रचार की तैयारी में हैं। कांग्रेस और राजद के बीच टकराव की जड़ सीट बंटवारा और गठबंधन का नाम है।
राहुल गांधी चाहते हैं कि बिहार में I.N.D.I.A. का ब्रांड मजबूत हो, जबकि लालू प्रसाद चाहते हैं कि राज्य की पहचान महागठबंधन से ही बनी रहे। गठबंधन में फिलहाल राजद, कांग्रेस, वीआईपी (मुकेश सहनी) और वामदल (CPI, CPM) शामिल हैं। आम आदमी पार्टी और झारखंड मुक्ति मोर्चा जैसी पार्टियों के साथ मतभेद जारी हैं। आज का दिन विपक्ष के लिए निर्णायक माना जा रहा है। सीट शेयरिंग और गठबंधन के नाम पर सहमति बनते ही यह साफ हो जाएगा कि बिहार विधानसभा चुनाव 2025 में जनता किस विपक्षी मोर्चे के नाम पर वोट डालेगी महागठबंधन या I.N.D.I.A.
इसे भी पढ़ें








