Bihar Election 2025: नवरात्र में गरमाया सियासी मौसम, शाह-प्रियंका के दौरे और मोदी की सौगात से बढ़ा चुनावी तापमान

3 Min Read

Bihar Election 2025:

पटना, एजेंसियां। बिहार में विधानसभा चुनाव नजदीक आते ही सियासी हलचल तेज हो गई है। नवरात्र के बीच एनडीए और महागठबंधन दोनों ही गठबंधन वोटरों को साधने की हर रणनीति पर काम कर रहे हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह और प्रियंका गांधी के दौरे से बिहार का राजनीतिक तापमान और बढ़ गया है।

अमित शाह का बिहार दौरा

केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह आज से दो दिवसीय बिहार दौरे पर रहेंगे। पहला कार्यक्रम बेतिया में भाजपा कार्यकर्ताओं के सम्मेलन से होगा। शाम को पटना में प्रदेश नेतृत्व के साथ अहम बैठक करेंगे। शनिवार को वे समस्तीपुर के सरायरंजन और अररिया के फारबिसगंज में कार्यकर्ता सम्मेलन को संबोधित करेंगे।
यह आठ दिन में शाह का दूसरा बिहार दौरा है, जो भाजपा की चुनावी रणनीति की गंभीरता को दिखाता है।

मोदी का महिलाओं को तोहफा

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज महिलाओं को बड़ी सौगात देंगे। मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना के तहत 75 लाख महिलाओं के खाते में 10-10 हजार रुपये की पहली किस्त भेजी जाएगी। इसके लिए 7500 करोड़ रुपये की राशि जारी की जाएगी। मोदी, मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए महिलाओं को संबोधित करेंगे। इसे महिला वोटरों को साधने की भाजपा की अहम रणनीति माना जा रहा है।

धर्मेन्द्र प्रधान को जिम्मेदारी

भाजपा ने चुनावी प्रबंधन के लिए केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेन्द्र प्रधान को बिहार चुनाव का प्रभारी बनाया है। वे पहले भी पश्चिम बंगाल जैसे चुनावों में अहम भूमिका निभा चुके हैं। माना जा रहा है कि बिहार में भी वे भाजपा के लिए मजबूत रणनीति बनाएंगे।

नीतीश कुमार की विकास यात्राएं

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार लगातार जिलों का दौरा कर रहे हैं। हजारों करोड़ की योजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास कर रहे हैं। इसे चुनावी मोड में उनके एक्टिव होने का संकेत माना जा रहा है।

प्रियंका गांधी की एंट्री

कांग्रेस ने भी चुनावी मैदान में अपनी मौजूदगी बढ़ाई है। बुधवार को पटना में कांग्रेस वर्किंग कमेटी की बैठक के बाद पार्टी ने अतिपिछड़ा समाज पर दांव खेला।
आज प्रियंका गांधी मोतिहारी में जनसभा करेंगी और पटना में महिलाओं के साथ संवाद करेंगी। इससे पहले राहुल गांधी की “वोटर अधिकार यात्रा” से कार्यकर्ताओं में जोश आया था। अब प्रियंका के आने से कांग्रेस कार्यकर्ता और समर्थक उत्साहित दिख रहे हैं।

इसे भी पढ़ें

Bihar Election 2025 Survey: बिहार चुनाव 2025 का सर्वे एनडीए- महागठबंधन की जंग में जन सुराज की एंट्री से बदला समीकरण


Share This Article
Exit mobile version