Siwan firecracker blast
सीवान, एजेंसियां। बिहार के सीवान जिले में बीते दिन मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की सभा से कुछ ही दूरी पर एक जोरदार धमाका हुआ, जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। यह धमाका हुसैनगंज थाना क्षेत्र के बडरम गांव में हुआ, जहां एक घर में अवैध रूप से पटाखा बनाने के दौरान विस्फोट हो गया। हादसे में एक व्यक्ति की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि कई लोगों के घायल होने की सूचना है।
पटाखा बनाते समय हुआ हादसा
स्थानीय लोगों के अनुसार, बडरम गांव के एक घर में लंबे समय से अवैध रूप से पटाखे बनाए जा रहे थे। गुरुवार को भी घर के अंदर पटाखा निर्माण का काम चल रहा था, तभी अचानक तेज धमाका हो गया। विस्फोट इतना भयानक था कि घर पूरी तरह ढह गया और मलबा चारों तरफ बिखर गया।
20 फीट दूर गिरे शव के अंग
धमाके की भयावहता का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि मृतक का सिर और पैर करीब 20 फीट दूर जाकर गिरे। धड़ के भी चिथड़े उड़ गए। मृतक की पहचान बडरम गांव निवासी 50 वर्षीय मुर्तुजा मंसूरी उर्फ जाल बदर के रूप में हुई है। शव की हालत इतनी खराब थी कि पहचान करना भी मुश्किल हो गया।
2 किलोमीटर तक सुनाई दी आवाज
आसपास के लोगों ने बताया कि धमाके की आवाज करीब 2 किलोमीटर दूर तक सुनाई दी। विस्फोट के कारण पास के घरों के दरवाजे और खिड़कियां हिलने लगीं। लोगों ने घर से बाहर निकलकर देखा तो धुएं का गुबार उठ रहा था और चारों ओर मलबा फैला हुआ था। घर के सामने लगे पेड़-पौधे भी झुलस गए।
पुलिस ने इलाके को घेरा
ब्लास्ट की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और इलाके को घेर लिया। घायलों को तुरंत अस्पताल भेजा गया है। पुलिस का कहना है कि प्रथम दृष्टया मामला अवैध रूप से पटाखा निर्माण का लग रहा है। घर में उस समय कितने लोग मौजूद थे, इसकी जानकारी जुटाई जा रही है।
पहले भी हो चुका है हादसा
स्थानीय लोगों ने बताया कि चार साल पहले भी इसी तरह पटाखा बनाते समय ब्लास्ट हुआ था, लेकिन शिकायतों के बावजूद कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है।








