Salary of policemen:
पटना, एजेंसियां। बिहार की राजधानी पटना के सिटी पश्चिमी क्षेत्र के 22 थानों के करीब 150 पुलिस अफसरों और कर्मियों की सैलरी होल्ड यानी रोक दी गई है। यह कार्रवाई सिटी एसपी वेस्ट भानु प्रताप सिंह ने लंबित मामलों का निपटारा नहीं करने और ड्यूटी में लापरवाही बरतने के कारण की है। इनमें सहायक उप निरीक्षक (एएसआई) और उप निरीक्षक (दारोगा) रैंक के पुलिसकर्मी शामिल हैं।
11 हजार केस लंबितः
सिटी पश्चिमी क्षेत्र में करीब 11 हजार मामले लंबित हैं। एसपी ने सभी पुलिस अधिकारियों को हर महीने कम से कम पांच केस निपटाने और संगीन अपराधों में आरोपियों को गिरफ्तार करने का लक्ष्य दिया था। हाल ही में 22 थानों के पुलिसकर्मियों के कामकाज की समीक्षा में पाया गया कि कई अधिकारियों ने एक भी केस का निपटारा नहीं किया। कुछ ने सिर्फ एक या दो मामलों का ही निष्पादन किया। इसके अलावा, गुंडा पंजी में अपराधियों को दर्ज करने और सीसीए-3 के तहत प्रस्ताव भेजने की जिम्मेदारी निभाने में भी कई पुलिसकर्मी नाकाम रहे।
विभागीय कार्रवाई शुरूः
एसपी भानु प्रताप सिंह ने सख्त रुख अपनाते हुए कहा कि प्रदर्शन में सुधार नहीं होने तक वेतन बहाल नहीं किया जाएगा। एक भी केस निपटारा नहीं करने वाले करीब आधा दर्जन पुलिसकर्मियों के खिलाफ विभागीय कार्रवाई शुरू कर दी गई है। समीक्षा में शाहपुर, फुलवारीशरीफ और दानापुर थानों का प्रदर्शन सबसे खराब पाया गया। वहीं, मनेर और बिहटा थानों के पुलिसकर्मियों का प्रदर्शन बेहतर रहा, जिसके लिए उन्हें प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।
इसे भी पढ़ें








