Road accident: बिहारः सड़क हादसे में 35 कांवरिये घायल, 7 गंभीर

2 Min Read

Road accident:

पटना, एजेंसियां। बिहार के सिवान जिला में गुरुवार को एक सड़क दुर्घटना में करीब 35 कावंरिये घायल हो गये। इनमें से 7 की स्थिति गंभीर बताई जा रही है। ये सभी बाबाधाम देवघर से जल चढ़ाकर उत्तर प्रदेश लौट रहे थे। उनकी पिकअप गाड़ी गंडक पुल के पास बेकाबू होकर पलट गई। यह हादसा तरवारा थाना क्षेत्र में हुआ।

देवरिया जिले के थे श्रद्धालुः

उत्तर प्रदेश के देवरिया जिले के विभिन्न गांवों के श्रद्धालु बाबाधाम, देवघर में जल चढ़ाने गए थे। वापसी के दौरान तरवारा थाना क्षेत्र के गंडक पुल के पास उनकी पिकअप गाड़ी का स्टेयरिंग फेल होने के कारण वाहन पलट गया। हादसे में गाड़ी में सवार सभी लोग जख्मी हो गए। जख्मियों में कुछ के हाथ टूटे, तो कुछ के सिर पर गहरी चोटें आईं। एक अन्य व्यक्ति, जो सिवान के बड़हरिया का रहने वाला है, पिकअप में दब गया और उसकी हालत भी गंभीर बताई जा रही है।

स्थानीय लोगों की मदद से पहुंचाया गया अस्पतालः

स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को सिवान के सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया। अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद सात की गंभीर स्थिति को देखते हुए डॉक्टरों ने उन्हें पटना मेडिकल कॉलेज अस्पताल (PMCH) रेफर कर दिया है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हादसा इतना भयानक था कि गाड़ी पूरी तरह से पलट गई और कई श्रद्धालु सड़क पर बिखर गए। पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर मामले की जांच शुरू कर दी है और घायलों के परिजनों को सूचित किया जा रहा है।

इसे भी पढ़ें

ससुराल जा रहे एक व्यक्ति की सड़क दुर्घटना में मौत

Share This Article
कोई टिप्पणी नहीं