Bihar Assembly uproar news: रामविलास पासवान पर की गई टिप्पणी से गरमाई बिहार विधानसभा, RJD विधायक घिरे

2 Min Read

Bihar Assembly uproar news:

पटना, एजेंसियां। बिहार विधानसभा के बजट सत्र के दौरान सोमवार को जमकर हंगामा हुआ। मामला तब गरमा गया जब आरजेडी विधायक पर आरोप लगा कि उन्होंने पूर्व केंद्रीय मंत्री और दिवंगत नेता रामविलास पासवान को ‘बेचारा’ कहा। इस टिप्पणी पर सत्ता पक्ष के विधायक भड़क उठे और सदन में तीखा विरोध दर्ज कराया।लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) ने इसे दिवंगत नेता का अपमान बताते हुए आरजेडी से सार्वजनिक माफी की मांग की। सत्ता पक्ष के विधायकों ने कहा कि जब तक माफी नहीं मांगी जाएगी, तब तक सदन की कार्यवाही सामान्य रूप से नहीं चलने दी जाएगी। हंगामे के बीच स्पीकर प्रेम कुमार ने सदस्यों से शांति बनाए रखने की अपील की, लेकिन शोर-शराबा जारी रहा। आखिरकार स्थिति बिगड़ती देख सदन की कार्यवाही दोपहर 2 बजे तक स्थगित करनी पड़ी।

आरोप और सफाई

बोधगया से आरजेडी विधायक कुमार सर्वजीत पर यह टिप्पणी करने का आरोप है। हालांकि उन्होंने मीडिया से बातचीत में कहा कि उनके बयान को गलत तरीके से पेश किया गया। उनका कहना था कि उन्होंने यह कहा था कि “अगर स्वर्गीय रामविलास पासवान जीवित होते तो हालात ऐसे नहीं होते।” उन्होंने आरोप लगाया कि यह मुद्दा असली जनहित के सवालों से ध्यान भटकाने के लिए उठाया गया है।

आरक्षण का मुद्दा भी गरमाया

हंगामे के दौरान आरजेडी विधायकों ने पिछड़ी जातियों के लिए आरक्षण को 50 प्रतिशत से बढ़ाकर 85 प्रतिशत करने की मांग उठाई और प्लेकार्ड लहराए। दूसरी ओर, एलजेपी (रामविलास) के प्रदेश अध्यक्ष राजू तिवारी ने बयान को दलित विरोधी बताते हुए कड़ी आपत्ति जताई।इस पूरे घटनाक्रम से विधानसभा का माहौल पूरी तरह राजनीतिक टकराव में बदल गया। एक ओर जहां सत्ता पक्ष माफी की मांग पर अड़ा रहा, वहीं विपक्ष इसे राजनीतिक मुद्दा बनाकर सरकार पर पलटवार करता नजर आया। मामला अब राजनीतिक बयानबाजी से आगे बढ़कर दलित सम्मान और सामाजिक न्याय की बहस का रूप लेता दिख रहा है।

Share This Article