Vande Bharat train:
पूर्णिया, एजेंसियां। बिहार के पूर्णिया जिले में शुक्रवार तड़के एक दर्दनाक हादसा हो गया। जोगबनी-पाटलिपुत्र वंदे भारत ट्रेन की चपेट में आने से चार युवकों की मौत हो गई, जबकि कुछ लोग घायल बताए जा रहे हैं। हादसा कस्बा रेलवे गुमटी के पास हुआ, जहां सुबह करीब 5 बजे यह ट्रेन गुजर रही थी। रेलवे पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शवों को कब्जे में ले लिया है और जांच शुरू कर दी है। मृतकों की उम्र 18 से 25 वर्ष के बीच बताई जा रही है। घायलों को इलाज के लिए जीएमसीएच अस्पताल भेजा गया है।
दुर्गा मेला देखकर लौट रहे थे युवक
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, सभी युवक दुर्गा मेला का सांस्कृतिक कार्यक्रम देखकर घर लौट रहे थे, तभी अचानक तेज रफ्तार वंदे भारत ट्रेन की चपेट में आ गए। तेज गति से आ रही ट्रेन के सामने आने से तीन युवकों की मौत मौके पर ही हो गई, जबकि एक घायल युवक ने अस्पताल में दम तोड़ दिया।
हादसे की वजह को लेकर जांच जारी
फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि हादसा गुमटी कर्मी की लापरवाही से हुआ या फिर युवकों ने हाईस्पीड ट्रेन को नजरअंदाज कर ट्रैक पार करने की कोशिश की। रेलवे और स्थानीय प्रशासन के अधिकारी घटनास्थल पर पहुंच गए हैं और जांच के बाद ही कारणों की पुष्टि की जाएगी।
वंदे भारत ट्रेन की रफ्तार
यह ट्रेन जोगबनी से पाटलिपुत्र के बीच चलती है और इसकी औसत रफ्तार 130 किमी प्रति घंटा तक होती है। स्थानीय लोग आम तौर पर ट्रेन गुजरने के समय ट्रैक से दूर रहते हैं, लेकिन शुक्रवार की सुबह यह दुर्घटना अचानक हो गई।
इसे भी पढ़ें
Vande Bharat Express train: वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन पर लगातार पथराव, यात्रियों में भय का माहौल







