Bihar Assembly elections: बिहार विधानसभा चुनाव नहीं लड़ेंगे पावर स्टार पवन सिंह

4 Min Read

Bihar Assembly elections:

पटना, एजेंसियां। भोजपुरी पावर सटार पवन सिंह ने पत्नी ज्योति सिंह से चल रहे विवाद के बीच शनिवार को सोशल मीडिया पर बड़ा ऐलान किया है। पवन सिंह ने कहा, ‘मैं पवन सिंह अपने भोजपुरिया समाज को बताना चाहता हूं कि मैंने बिहार विधानसभा चुनाव लड़ने के लिए पार्टी जॉइन नहीं की थी। न ही मुझे विधानसभा चुनाव लड़ना है। मैं पार्टी का सच्चा सिपाही हूं और रहूंगा।’

बता दें कि एक दिन पहले ही उनकी पत्नी ज्योति सिंह ने जन सुराज पार्टी के संस्थापक प्रशांत किशोर से मुलाकात की थी। 20 मिनट की मुलाकात में उन्होंने कहा था- मेरे साथ अन्याय हुआ। ऐसा किसी और महिला के साथ नहीं होना चाहिए।

दिल्ली में शाह और नड्‌डा से मिले थे पवनः

पवन सिंह ने हाल ही में दिल्ली में गृह मंत्री अमित शाह और भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा से मुलाकात की थी, जिसके बाद से भोजपुरी स्टार के बीजेपी में दोबारा आने की चर्चाएं शुरू हो गई थीं।
पवन सिंह पहली बार 2017 में भाजपा में शामिल हुए थे, लेकिन 2024 के लोकसभा चुनाव में पार्टी के खिलाफ जाकर उन्होंने काराकाट से निर्दलीय चुनाव लड़ा। निर्दलीय चुनाव लड़ने पर 22 मई 2024 को भाजपा ने पवन सिंह को पार्टी से बाहर कर दिया। उस वक्त वे प्रदेश कार्यसमिति के सदस्य थे।
दिल्ली में नेताओं से मिलने के बाद पवन सिंह ने कहा था, ‘मैं कभी भाजपा से दूर नहीं गया था, बस परिस्थितियां अलग थीं।’ उनके बीजेपी में वापसी के बाद शाहाबाद में भोजपुर, बक्सर, रोहतास और कैमूर की 22 विधानसभा सीटों पर फायदा हो सकता है।

पवन सिंह कब भाजपा में लौटे और किसने वापसी कराई?

भोजपुर सुपर स्टार और सिंगर पवन सिंह 30 सितंबर को भाजपा में लौट आए। उनकी वापसी भाजपा के बिहार प्रभारी विनोद तावड़े ने कराई।
मंगलवार, 30 सितंबर सुबह पवन सिंह तावड़े और भाजपा नेता ऋतुराज सिन्हा के साथ राष्ट्रीय लोक मोर्चा (RLM) सुप्रीमो उपेंद्र कुशवाहा से मिलने दिल्ली स्थित उनके आवास गए। पवन सिंह ने कुशवाहा से आशीर्वाद लिया।
इसके बाद तावड़े ने पवन सिंह के भाजपा में आने का ऐलान किया। उन्होंने कहा, ‘पवन सिंह भाजपा कार्यकर्ता के तौर पर काम करते हुए NDA को मजबूत करेंगे।’

कुशवाहा से मुलाकात के बाद पवन सिंह गृह मंत्री अमित शाह से मिले। मुलाकात करीब 20 मिनट तक हुई।
पवन सिंह के भाजपा में वापस आने से पहले सोमवार, 29 सितंबर रात विनोद तावड़े और राष्ट्रीय सचिव ऋतुराज सिन्हा ने कुशवाहा से मुलाकात की थी।
कुशवाहा को पवन सिंह के बारे में जानकारी दी। उनकी सहमति के बाद ही अगली सुबह पवन सिंह को लेकर दोनों नेता उनके घर गए।

बिहार चुनाव से पहले रियलिटी शो से बाहर आएः

हाल ही में पवन सिंह ने बिजनेस टायकून अशनीर ग्रोवर के रियलिटी शो ‘राइज एंड फॉल’ को छोड़ दिया। शो से बाहर आने के दौरान उन्होंने कहा था, ‘मेरी जनता ही मेरा भगवान है और चुनाव के समय मेरा फर्ज है कि मैं उनके बीच रहूं।’

जानिए कौन हैं पवन सिंहः

पवन सिंह भोजपुरी एक्टर और सिंगर हैं। उनके गीत ‘लॉलीपॉप लागेलू’ से लेकर ‘कमरिया हिला रही है’ तक ने उन्हें घर-घर पहचान दिलाई।
उनका जन्म 5 जनवरी 1986 को बिहार के आरा में हुआ। 1997 में उन्होंने पहला एल्बम रिलीज किया और 2008 में आया उनका गाना ‘लॉलीपॉप लागेलू’ भोजपुरी संगीत का ग्लोबल हिट साबित हुआ।
भोजपुरी फिल्मों प्रतिज्ञा, क्रैक फाइटर, धड़कन, हर हर गंगे आदि ने उन्हें भोजपुरी सिनेमा का सबसे चर्चित नाम बना दिया।

इसे भी पढ़ें

Bihar elections: बिहार चुनाव में JMM को चाहिए कम से कम 7 सीट

Share This Article
कोई टिप्पणी नहीं