PMCH में तीन साल की बच्ची की मौत, परिजनों ने एनेस्थीसिया ओवरडोज का आरोप लगाया

2 Min Read

PMCH child death:

पटना, एजेंसियां। पटना मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल (PMCH) में इलाज के दौरान तीन साल की बच्ची की मौत के बाद बड़ा विवाद खड़ा हो गया है। मृतक बच्ची अवंतिका राय, जो गोपालगंज के कटिया गांव की निवासी और शैलेश राय की पुत्री थीं, के परिजनों ने अस्पताल के डॉक्टरों पर एनेस्थीसिया का ओवरडोज देने का आरोप लगाया है। परिजन अस्पताल प्रशासन से न्याय की मांग कर रहे हैं।

परिजनों का आरोप

बताया गया है कि अवंतिका खेलते समय अपने बांए पैर में फ्रैक्चर हो गया था और उनके नाना के कहने पर 27 नवंबर को शाम 5 बजे उन्हें पीएमसीएच की इमरजेंसी वार्ड में भर्ती कराया गया। हड्डी रोग विभाग में ऑपरेशन 4 दिसंबर को होना था। परिजनों का आरोप है कि ऑपरेशन से ठीक पहले बच्ची को डबल डोज़ एनेस्थीसिया दिया गया, जिसके बाद वह होश में नहीं आई। गंभीर हालत में उसे तुरंत टाटा वार्ड में शिफ्ट किया गया, लेकिन स्थिति में कोई सुधार नहीं हुआ और 6 दिसंबर को डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

डॉक्टरों पर लापरवाही के आरोप

ऑपरेशन करने वाले डॉक्टर महेश प्रसाद ने लापरवाही के आरोपों से इनकार किया है और कहा कि उन्हें ऐसी किसी घटना की जानकारी नहीं है। ऑपरेशन जूनियर डॉक्टर राहुल और अन्य डॉक्टरों की टीम ने डॉक्टर प्रसाद की निगरानी में किया था। घटना के बाद परिवार सदमे में है और परिजन सोशल मीडिया पर अपनी नाराजगी जाहिर कर रहे हैं। परिवार और उनके वकील राम संदेश रॉय ने अस्पताल से उचित कार्रवाई की मांग की है। इस घटना ने अस्पताल प्रशासन और चिकित्सा व्यवस्था पर कई सवाल खड़े कर दिए हैं।

Share This Article