Patna NEET Student Death: पटना में नीट छात्रा की मौत पर प्रदर्शन-बवाल, लोगों ने तोड़ा बैरिकेडिंग

2 Min Read

Patna NEET Student Death:

पटना, एजेंसियां। पटना के शंभू गर्ल्स हॉस्टल में रहकर नीट की तैयारी कर रही छात्रा की मौत मामले में मंगलवार को जमकर बवाल हुआ। AISA और AIPWA के कार्यकर्ता बिहार सरकार के खिलाफ नारे लगाते हुए सड़क पर उतरे। प्रदर्शन कर रहे लोग विधानसभा का घेराव करने के लिए निकले थे। इस दौरान उन्हें रोकने के लिए डाकबंगला चौराहे पर बैरिकेडिंग की गई थी।

गांधी मैदान से शुरू हुआ प्रदर्शनः

पटना के गांधी मैदान से AISA और AIPWA के कार्यकर्ताओं का प्रदर्शन शुरू हुआ। डाकबंगला चौराहे पर पुलिस ने उन्हें रोकने की कोशिश की। पहले से ही बैरिकेडिंग भी की गई थी। लेकिन, गुस्साए लोग बैरिकेडिंग को तोड़ते हुए आगे निकल गए। गांधी मैदान के पास भी बैरिकेडिंग की गई थी, लेकिन यहां महिला कार्यकर्ता पुलिस से भिड़ गईं और बैरिकेडिंग तोड़कर आगे बढ़ गईं।

महिला कार्यकर्ताओं ने लगाए नारेः

पटना में नीट छात्रा की मौत पर लगातार राज्य के अलग-अलग जिलों में बवाल हो रहा। मंगलवार को भी यह मार्च महिलाओं, छात्राओं और बच्चियों के साथ हो रही हिंसा के खिलाफ निकाला गया था। प्रदर्शन में मौजूद महिला कार्यकर्ताओं ने ‘सरकारी नारा बेटी बचाओ, सरकारी मंशा बलात्कारी बचाओ’ के नारे लगाए। इससे पहले पटना में कांग्रेस की तरफ से भी जमकर विरोध प्रदर्शन किए गए थे।

बजट सत्र में भी उठा नीट छात्रा मौत का मामलाः

बिहार विधानसभा का बजट सत्र चल रहा है। बजट सत्र के दौरान भी सदन के अंदर और बाहर विपक्ष के नेताओं की ओर से नीट छात्रा की मौत का मामला उठाया जा रहा है। विपक्ष सरकार और पुलिस प्रशासन पर सवाल खड़े कर रहा है। पप्पू यादव की गिरफ्तारी का भी विपक्ष विरोध कर रहा। पप्पू यादव का कहना था कि वे नीट छात्रा की मौत के मामले को उठा रहे थे, इसलिए उन्हें गिरफ्तार किया गया।

Share This Article