Patna Municipal Corporation
पटना, एजेंसियां। राजधानी में अंतिम संस्कार की प्रक्रिया को सरल और व्यवस्थित बनाने के लिए पटना नगर निगम ने बड़ी पहल की है। बांस घाट स्थित आधुनिक शवदाह गृह में अब ऑनलाइन स्लॉट बुकिंग की सुविधा शुरू की जा रही है। यह व्यवस्था पटना स्मार्ट सिटी प्रोजेक्ट के तहत लागू होगी, जिससे शोकाकुल परिवारों को लंबी प्रतीक्षा और अव्यवस्था से राहत मिलेगी।
व्हाट्सएप चैटबॉट से सीधे बुकिंग
नई सुविधा के तहत लोग व्हाट्सएप चैटबॉट नंबर 9264447449 पर मैसेज कर अंतिम संस्कार के लिए समय (स्लॉट) बुक कर सकेंगे। इस चैटबॉट पर पहले से कई नागरिक सेवाएं उपलब्ध हैं और अब इसमें शवदाह गृह बुकिंग का विकल्प भी जोड़ा जाएगा। इससे अचानक होने वाली भीड़ और अफरातफरी पर नियंत्रण पाने में मदद मिलेगी।
24 घंटे हेल्पलाइन और ऑन-साइट सहायता
नगर निगम की ओर से 24×7 हेल्पलाइन सेवा भी उपलब्ध रहेगी। जरूरत पड़ने पर घाट परिसर में हेल्पडेस्क टीम मौजूद रहेगी, जो रजिस्ट्रेशन और अन्य औपचारिकताओं में परिजनों की मदद करेगी। प्रशासन का उद्देश्य है कि दुख की घड़ी में परिवारों को किसी तरह की अतिरिक्त परेशानी का सामना न करना पड़े।
पोर्टल पर चुन सकेंगे दाह संस्कार का विकल्प
एक समर्पित ऑनलाइन पोर्टल भी विकसित किया जा रहा है। इसमें मोबाइल नंबर और ओटीपी से लॉगिन कर मृतक का विवरण भरना होगा। इसके बाद परिजन इलेक्ट्रिक, वुड क्रीमेशन ओवन या पारंपरिक चिता में से किसी एक विकल्प का चयन कर स्लॉट बुक कर सकेंगे। बुकिंग के बाद एसएमएस के जरिए पुष्टि संदेश मिलेगा।
अंतिम संस्कार पूरा होने पर डेथ सर्टिफिकेट और बर्निंग सर्टिफिकेट भी ऑनलाइन जारी किए जाएंगे। इससे कागजी प्रक्रिया आसान होगी और दस्तावेज सुरक्षित रहेंगे। पोर्टल का विकास अंतिम चरण में है और जल्द ही इसका औपचारिक उद्घाटन किया जाएगा।








