Maurya Mandapam: पटना को मिला नया बहुउद्देशीय केंद्र, सीएम नीतीश ने किया ‘मौर्य मंडपम’ का उद्घाटन

2 Min Read

Maurya Mandapam:

पटना, एजेंसियां। पटना स्मार्ट सिटी लिमिटेड (PSCL) की महत्वाकांक्षी परियोजना ‘मौर्य मंडपम’ का सोमवार को मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने उद्घाटन किया। करीब 15 करोड़ रुपये की लागत से तैयार यह बहुउद्देशीय केंद्र शहरवासियों को व्यापार, मनोरंजन, स्वास्थ्य और सामाजिक गतिविधियों की आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराएगा।

आधुनिक सुविधाओं से लैस

मौर्यालोक ए ब्लॉक की छत पर बने 12 हजार वर्गफुट के मल्टीपर्पज और रूफटॉप बैंक्वेट हॉल को अत्याधुनिक लाइट गेज स्टील फ्रेमिंग तकनीक से बनाया गया है। इसकी इंसुलेटेड छत गर्मियों में हॉल का तापमान सामान्य से लगभग 10 डिग्री कम रखेगी। परियोजना में दो स्क्रीन वाला मल्टीप्लेक्स और 6 हजार वर्गफुट का फाइन डाइनिंग रेस्तरां भी शामिल है। वहीं, बी ब्लॉक की छत पर 8 हजार वर्गफुट का जिम और योगा सेंटर फिटनेस प्रेमियों को आकर्षित करेगा।

व्यावसायिक और सौंदर्यीकरण कार्य

मौर्या टावर के छठे और सातवें तल पर 24 हजार वर्गफुट में कार्यालय बनाए गए हैं, जिससे शहर का कारोबारी माहौल और मजबूत होगा। इसके साथ ही स्वामी विवेकानंद पार्क का सौंदर्यीकरण, सड़कों का विकास और आधुनिक लाइटिंग की भी व्यवस्था की गई है।

1300 परियोजनाओं का शिलान्यास

इसी दिन सीएम नीतीश ने 769.63 करोड़ रुपये की लागत से 33 जिलों में फैली 1300 परियोजनाओं का भी शिलान्यास किया, जिनमें सड़क, नाला, पार्क और हाइमास्ट लाइट जैसी योजनाएं शामिल हैं। अधिकारियों के अनुसार, यह कदम पटना को स्मार्ट और टिकाऊ शहर बनाने की दिशा में अहम साबित होगा।

इसे भी पढ़ें

CM Nitish Kumar: मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने किया SDRF मुख्यालय भवन का उद्घाटन

Share This Article
कोई टिप्पणी नहीं