Patna new green bus stops: Patna में बस यात्रियों को मिलेगी बड़ी राहत, 14 प्रमुख रूटों पर बनेंगे 50 नए हाईटेक ग्रीन बस स्टॉप

3 Min Read

Patna new green bus stops:

पटना, एजेंसियां। पटना में अब बस का इंतजार करना पहले से कहीं ज्यादा सुविधाजनक होने वाला है। राज्य सरकार ने राजधानी के 14 प्रमुख मार्गों पर 50 नए हाईटेक ‘ग्रीन बस स्टॉप’ बनाने की योजना को मंजूरी दे दी है। इन बस स्टॉप्स को आधुनिक तकनीक और पर्यावरण अनुकूल सुविधाओं से लैस किया जाएगा, ताकि यात्रियों को धूप, बारिश और धूल से राहत मिल सके।

स्मार्ट टेक्नोलॉजी से लैस होंगे बस स्टॉप

नए बस स्टॉप पर डिजिटल डिस्प्ले बोर्ड लगाए जाएंगे, जिन पर बसों के रूट, आगमन और प्रस्थान का समय रियल टाइम में प्रदर्शित होगा। इसके अलावा एनाउंसमेंट सिस्टम के जरिए बस आने से लगभग आधा घंटा पहले सूचना दी जाएगी। इससे बुजुर्गों, महिलाओं और रोजाना यात्रा करने वाले लोगों को विशेष सुविधा मिलेगी।

क्यूआर कोड टिकटिंग और सीसीटीवी सुरक्षा

यात्रियों को टिकट के लिए लंबी कतार में खड़े होने की जरूरत नहीं पड़ेगी। हर बस स्टॉप पर क्यूआर कोड आधारित टिकटिंग सुविधा उपलब्ध होगी, जिससे मोबाइल के जरिए टिकट खरीदा जा सकेगा। सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए प्रत्येक स्टॉप पर सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे। साथ ही पेयजल और बैठने की समुचित व्यवस्था भी की जाएगी।

सोलर पैनल से चलेंगे बस स्टॉप

इन ग्रीन बस स्टॉप्स की खासियत यह होगी कि यहां सोलर पैनल लगाए जाएंगे, जिससे बिजली की खपत कम होगी और पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा मिलेगा। सरकार का लक्ष्य है कि ये बस स्टॉप पूरी तरह ऊर्जा दक्ष और पर्यावरण अनुकूल हों।

पहले पटना, फिर राज्य के अन्य शहर

पहले चरण में यह परियोजना पटना के 14 प्रमुख मार्गों पर लागू की जाएगी। इसके बाद राज्य के अन्य बड़े शहरों में भी कुल 500 ग्रीन बस स्टॉप विकसित करने की योजना है। फिलहाल सर्वे का काम जारी है और रिपोर्ट के आधार पर अंतिम स्थान तय किए जाएंगे।

पुराने अनुभवों से सबक

गौरतलब है कि पहले भी स्मार्ट सिटी परियोजना के तहत बस स्टॉप बनाए गए थे, लेकिन रखरखाव की कमी के कारण कई स्थानों पर डिजिटल बोर्ड और लाइटें खराब हो गई थीं। इस बार सरकार ने नियमित मॉनिटरिंग और रखरखाव की व्यवस्था सुनिश्चित करने का दावा किया है, ताकि यात्रियों को दीर्घकालिक सुविधा मिल सके।

Share This Article