Nitish Kumar: मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की सास का निधन, पटना के बांस घाट पर हुआ अंतिम संस्कार

Anjali Kumari
3 Min Read

Nitish Kumar

पटना, एजेंसियां। बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की सास, विद्यावती देवी (90), का शुक्रवार शाम निधन हो गया। वह पिछले काफी समय से अस्वस्थ चल रही थीं और पटना स्थित इंदिरा गांधी आयुर्विज्ञान संस्थान (आईजीआईएमएस) में उनका इलाज जारी था। शुक्रवार शाम करीब 6:40 बजे उन्होंने अस्पताल में अंतिम सांस ली। उनके निधन से मुख्यमंत्री परिवार और उनके करीबियों में शोक की लहर दौड़ गई।

शनिवार को पटना के प्रसिद्ध बांस घाट पर विद्यावती देवी का अंतिम संस्कार पूरे विधि-विधान के साथ किया गया। इस दौरान मुख्यमंत्री नीतीश कुमार अपने पुत्र निशांत कुमार के साथ मौजूद रहे। अंतिम संस्कार में बिहार सरकार के मंत्री अशोक चौधरी, परिवार के अन्य सदस्य और करीबी लोग भी शामिल हुए। शोकाकुल माहौल में परिजनों और शुभचिंतकों ने उन्हें अंतिम विदाई दी।

परिवार के अनुसार

परिवार के अनुसार, विद्यावती देवी बीते लगभग दो महीनों से आईजीआईएमएस में भर्ती थीं। इस दौरान मुख्यमंत्री के पुत्र निशांत कुमार नियमित रूप से अस्पताल जाकर अपनी नानी का हालचाल लेते थे और उनके साथ समय बिताते थे। परिवार के सदस्यों का कहना है कि विद्यावती देवी का स्वभाव बेहद स्नेहमय था और वे परिवार को जोड़कर रखने वाली शख्सियत थीं।

निशांत कुमार ने सोशल मीडिया के जरिए क्या कहा?

निधन के बाद निशांत कुमार ने सोशल मीडिया के जरिए अपनी नानी को याद करते हुए भावुक पोस्ट साझा की। उन्होंने लिखा कि नानी मां के जाने से उनका मन अत्यंत व्यथित है। उन्होंने कहा कि नानी सिर्फ एक रिश्ता नहीं थीं, बल्कि स्नेह, कहानियों और मुस्कान से भरी एक ऐसी छांव थीं, जो हमेशा परिवार के साथ बनी रहीं। निशांत कुमार ने आगे लिखा कि नानी ने उन्हें प्रेम, संवेदना और अच्छाई का पाठ पढ़ाया, जिसे वह जीवन भर अपने साथ रखेंगे।

पोस्ट के अंत में उन्होंने ईश्वर से नानी की आत्मा की शांति की प्रार्थना करते हुए कहा कि वे जहां भी हों, अपने परिवार को आशीर्वाद देती रहें। विद्यावती देवी के निधन से पूरा परिवार गहरे शोक में डूबा हुआ है।

Share This Article