राजनीति में एक्टिव हुए निशांत कुमार, JDU कार्यालय में दिखा निशांत का ऐक्शन मोड

2 Min Read

Nishant Kumar

पटना, एजेंसियां। नीतीश कुमार के बेटे निशांत कुमार के राजनीति में सक्रिय होने के संकेत साफ दिखने लगे हैं। जेडीयू में शामिल होने के बाद बुधवार को निशांत कुमार पटना स्थित JDU के पार्टी कार्यालय पहुंचे। यहां पहुंचते ही कार्यकर्ताओं ने उनका जोरदार स्वागत किया और पार्टी दफ्तर का माहौल उत्साह से भर गया।

नेताओं के साथ की बैठक

पार्टी कार्यालय पहुंचने के बाद निशांत कुमार ने कई वरिष्ठ नेताओं के साथ बैठक की और संगठन से जुड़े मुद्दों पर चर्चा की। इस दौरान उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं से भी मुलाकात की और संगठन को मजबूत बनाने पर जोर दिया।
मीडिया से बातचीत करते हुए निशांत कुमार ने कहा कि वह पूरी पार्टी को एक परिवार की तरह साथ लेकर चलना चाहते हैं। उन्होंने कहा, “हमारे कार्यकर्ता, सांसद और नेता सभी पार्टी के सदस्य हैं। हम सबको मिलकर जनता की सेवा करनी चाहिए।”

कार्यकर्ताओं में दिखा जोश

निशांत कुमार के पार्टी कार्यालय पहुंचने से कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह देखने को मिला। उनके स्वागत में पार्टी दफ्तर के बाहर नारेबाजी भी हुई। कई कार्यकर्ताओं ने उनके समर्थन में नारे लगाए और उन्हें भविष्य का नेता बताते हुए उत्साह जाहिर किया।
इस दौरान कुछ कार्यकर्ताओं ने “बिहार का सीएम कैसा हो, निशांत कुमार जैसा हो” जैसे नारे भी लगाए, जिससे पार्टी दफ्तर का माहौल और भी जोशीला हो गया।

बिहार दौरे को लेकर नहीं दिया जवाब

पत्रकारों ने जब उनसे उनके संभावित बिहार दौरे के बारे में सवाल किया तो उन्होंने इस पर कोई स्पष्ट जवाब नहीं दिया। उन्होंने सिर्फ इतना कहा कि पार्टी के सभी लोग मिलकर आगे काम करेंगे और फिर वहां से निकल गए।
जेडीयू नेताओं का कहना है कि निशांत कुमार के सक्रिय होने से संगठन को मजबूती मिलेगी। उनका मानना है कि पार्टी कार्यालय में उनकी मौजूदगी से कार्यकर्ताओं की समस्याओं को बेहतर तरीके से समझा और हल किया जा सकेगा।

Share This Article