Baba Garib Nath Dham
मुजफ्फरपुर, एजेंसियां। नव वर्ष 2026 की शुरुआत के साथ ही बिहार के प्रसिद्ध बाबा गरीब नाथ धाम में आस्था का जनसैलाब उमड़ पड़ा। कड़ाके की ठंड के बावजूद हजारों श्रद्धालु अहले सुबह मंदिर पहुंचे और “हर हर महादेव” व “जय बाबा गरीब नाथ” के जयकारों के साथ दर्शन, पूजा-अर्चना और जलाभिषेक कर नए साल की शुरुआत की। पूरा मंदिर परिसर और आसपास का इलाका शिवभक्ति के रंग में सराबोर नजर आया।
बाबा गरीब नाथ मंदिर में भक्तों की लंबी कतार
नए साल के पहले दिन सुबह से ही बाबा गरीब नाथ मंदिर में भक्तों की लंबी कतारें लग गईं। श्रद्धालुओं ने भगवान शिव का जलाभिषेक कर सुख-समृद्धि की कामना की। मंदिर से लेकर मुख्य सड़कों तक श्रद्धालुओं की भारी भीड़ देखी गई। मान्यता है कि बाबा गरीब नाथ के दर्शन के साथ वर्ष की शुरुआत करने से पूरा साल मंगलमय रहता है, इसी विश्वास के चलते बड़ी संख्या में लोग मंदिर पहुंचे।
12 बजते ही शहर में जश्न का माहौल
बताया गया कि नव वर्ष की रात 12 बजते ही शहर में जश्न का माहौल रहा और लोगों ने आतिशबाजी के साथ नए साल का स्वागत किया। वहीं, सुबह होते ही श्रद्धालु मंदिरों की ओर निकल पड़े। मुजफ्फरपुर में उत्सव और श्रद्धा का अनोखा संगम देखने को मिला। बाबा गरीब नाथ मंदिर में विशेष पूजा, महाआरती और अन्य धार्मिक अनुष्ठानों का आयोजन किया गया। इसके अलावा शहर के अन्य मंदिरों में भी दर्शन और पूजा के लिए भक्तों की भारी भीड़ उमड़ी।
जिला प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद
श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा को देखते हुए मंदिर प्रशासन और जिला प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद रहा। मंदिर परिसर में कड़े सुरक्षा इंतजाम किए गए थे और सैकड़ों स्वयंसेवकों की तैनाती की गई थी। भीड़ प्रबंधन को लेकर पहले से ही स्थानीय पुलिस और पुरोहितों के साथ बैठक कर व्यवस्था तय की गई थी। चप्पे-चप्पे पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम के बीच श्रद्धालुओं ने शांतिपूर्ण और व्यवस्थित ढंग से दर्शन किए, जिससे नव वर्ष के पहले दिन आस्था का यह पर्व भव्य रूप से संपन्न हुआ।







