NEET student death:
पटना, एजेंसियां। पटना में नीट छात्रा की मौत के मामले को लेकर बिहार की राजनीति गरमा गई है। पूर्णिया से सांसद पप्पू यादव इस घटना पर लगातार सरकार को घेरते हुए बयान दे रहे हैं और सोशल मीडिया पर भी सक्रिय हैं। इसी बीच मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की पार्टी जनता दल यूनाइटेड (जेडीयू) ने पप्पू यादव पर तीखा हमला बोला है। बुधवार को जेडीयू प्रवक्ता नीरज कुमार ने कड़ी प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि पप्पू यादव को बिहार की बेटियों के बारे में अनर्गल टिप्पणी बंद करनी चाहिए।
‘ऐसे लोग सांसद बन जाते हैं, यह दुर्भाग्य’
नीरज कुमार ने पप्पू यादव को निशाने पर लेते हुए कहा कि उन्हें बिहार की बेटियों की स्थिति की सही जानकारी नहीं है। उन्होंने तीखी टिप्पणी करते हुए कहा कि ऐसे लोग सांसद बन जाते हैं, यह दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने सवाल उठाया कि क्या पूर्णिया की बेटियां पढ़ाई नहीं कर रहीं या प्रशासनिक सेवाओं में नहीं जा रहीं? नीरज कुमार ने यह भी आरोप लगाया कि जहानाबाद में निकाले गए न्याय मार्च में पप्पू यादव की भूमिका संदिग्ध रही और उन्होंने स्मार पत्र पर हस्ताक्षर भी नहीं किए।
पहचान उजागर करने पर उठाए सवाल
जेडीयू प्रवक्ता ने सुप्रीम कोर्ट के निर्देशों का हवाला देते हुए कहा कि निर्भया कांड के बाद अदालत ने स्पष्ट किया है कि किसी पीड़ित लड़की या किशोर की पहचान उजागर करना दंडनीय अपराध है। उन्होंने आरोप लगाया कि जहानाबाद में निकाले गए मार्च के दौरान छात्रा की पहचान सामने आने का मामला गंभीर है और पूछा कि ऐसा करने का अधिकार किसने दिया।
मामले की सीबीआई जांच की मांग
बता दें कि पटना में जिस नीट छात्रा की मौत हुई, वह जहानाबाद की रहने वाली थी। इस घटना के विरोध में जहानाबाद में मार्च भी निकाला गया था। मामले की गंभीरता को देखते हुए बिहार सरकार ने इसकी जांच केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) से कराने के लिए केंद्र सरकार से अनुरोध किया है। इस घटना को लेकर राज्य में लगातार राजनीतिक बयानबाजी जारी है और आने वाले दिनों में सियासी माहौल और गर्म होने की संभावना है।











