CM Samrat Choudhary: NEET छात्रा कांड की जांच अब CBI के हवाले, डिप्टी CM सम्राट चौधरी ने की पुष्टि

3 Min Read

CM Samrat Choudhary

पटना, एजेंसियां। पटना में हुए चर्चित NEET छात्रा कांड की जांच अब केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) करेगी। बिहार के डिप्टी सीएम सह गृह मंत्री सम्राट चौधरी ने इसकी आधिकारिक पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने भारत सरकार से इस मामले की CBI जांच कराने का आग्रह किया है, ताकि घटना का पारदर्शी और न्यायपूर्ण तरीके से उद्भेदन हो सके।

पटना पुलिस पर लापरवाही के आरोप

इस मामले को लेकर लंबे समय से पटना पुलिस पर लापरवाही और तथ्यों को दबाने के आरोप लगते रहे हैं। घटना के बाद राज्यभर में आक्रोश देखने को मिला था। छात्र संगठनों, सामाजिक कार्यकर्ताओं और विभिन्न राजनीतिक दलों ने निष्पक्ष जांच की मांग करते हुए CBI जांच की जरूरत बताई थी। पीड़िता के परिजनों का भी आरोप था कि स्थानीय पुलिस मामले की गंभीरता को कम करके दिखा रही है और प्रभावशाली लोगों को बचाने की कोशिश हो रही है।

सम्राट चौधरी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर लिखा

डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर जानकारी देते हुए लिखा कि पटना में हुई NEET छात्रा की हत्या के मामले (कांड संख्या 14/26) की जांच CBI से कराने का अनुरोध किया गया है, ताकि सच्चाई सामने आ सके और पीड़िता को न्याय मिल सके।

सूत्रों के मुताबिक

सूत्रों के मुताबिक, CBI जल्द ही इस मामले से जुड़े सभी दस्तावेज, साक्ष्य और अब तक की पुलिस जांच रिपोर्ट अपने कब्जे में लेगी। इसके बाद एजेंसी नए सिरे से जांच शुरू करेगी, जिसमें गवाहों के बयान दोबारा दर्ज किए जाएंगे, तकनीकी साक्ष्यों की गहन जांच होगी और आरोपियों की भूमिका को विस्तार से खंगाला जाएगा।

गौरतलब है कि बिहार पुलिस की विशेष जांच टीम (SIT) 17 दिनों की जांच के बाद भी किसी ठोस नतीजे पर नहीं पहुंच पाई थी। इस पर मृत छात्रा के परिजनों ने गंभीर सवाल उठाए हैं। शुक्रवार को पीड़िता की मां ने डीजीपी विनय कुमार से मुलाकात भी की थी। मुलाकात के बाद उन्होंने कहा कि पुलिस सही दिशा में जांच नहीं कर रही है और उन्हें डर है कि उनकी बेटी को न्याय नहीं मिलेगा।

अब CBI जांच के फैसले को राज्य की कानून व्यवस्था और न्याय प्रणाली में भरोसा बहाल करने की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है। सभी की निगाहें अब CBI की जांच पर टिकी हैं, जिससे उम्मीद की जा रही है कि जल्द ही सच्चाई सामने आएगी और दोषियों को कानून के कठघरे में लाया जाएगा।

Share This Article