मोतिहारी पुलिस ने अंतरराष्ट्रीय चरस तस्करी का किया भंडाफोड़, 6 तस्कर गिरफ्तार

2 Min Read

Motihari police busted

मोतिहारी, एजेंसियां। मोतिहारी पुलिस ने अंतरराष्ट्रीय मादक पदार्थ तस्करी नेटवर्क का भंडाफोड़ करते हुए एक बड़ी सफलता हासिल की है। रक्सौल एसडीपीओ मनीष आनंद को मिली गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए कुल 9.178 किलोग्राम चरस बरामद की है। इस दौरान उत्तर प्रदेश, राजस्थान, नेपाल और बिहार के कुल छह तस्करों को गिरफ्तार किया गया। पुलिस के अनुसार नेपाल से लाई गई यह खेप मोतिहारी के रास्ते राजस्थान भेजी जा रही थी, जहां इसकी कीमत करोड़ों रुपये होती।

पुलिस की जांच जारी

सूचना मिलने के बाद हरैया थाना प्रभारी किशन पासवान के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया, जिसमें राजपत्रित पदाधिकारी भी शामिल थे। टीम ने कस्तूरबा गांधी विद्यालय कार्यालय के पास संदिग्ध थार वाहन को रोककर उसमें सवार चार लोगों को हिरासत में लिया। तलाशी में 7.178 किलोग्राम चरस मिला। पकड़े गए आरोपियों से पूछताछ में गिरोह के अन्य सदस्यों और एक अतिरिक्त खेप की जानकारी मिली। उनकी निशानदेही पर पुलिस ने सुगांव स्थित माई स्थान से दो अन्य तस्करों को दो किलोग्राम चरस और एक मोटरसाइकिल के साथ गिरफ्तार किया।

गिरफ्तार तस्करों की पहचान यूपी के बंगाली वर्मा और अशोक अग्रवाल, राजस्थान के टीकमचंद गोयल, नेपाल के मेघराज साह और मोतिहारी के सर्वजीत कुमार व कमलदेव राम के रूप में हुई है। पुलिस ने सभी के खिलाफ हरैया थाना में मामला दर्ज कर लिया है। एसडीपीओ मनीष आनंद ने कहा कि पुलिस की सतर्कता और संयुक्त प्रयास से इस बड़े अंतरराष्ट्रीय तस्करी नेटवर्क को एक बड़ा झटका लगा है।

Share This Article
Exit mobile version