MLA in Bihar:
पटना, एजेंसियां। बिहार में नवनिर्वाचित विधायकों के लिए एक बड़ा और आधुनिक आवासीय कॉम्प्लेक्स तैयार हो गया है। भवन निर्माण विभाग ने पटना में लगभग 44.41 एकड़ भूमि पर 246 नए आवासीय यूनिट्स का निर्माण पूरा कर लिया है। यह आवास परिसर विधायक और विधान पार्षद के लिए बनाए जा रहे चरणबद्ध आवास परियोजना का हिस्सा है। विभाग के अनुसार, नए परिसर में सभी आवश्यक कार्य पूरे कर लिए गए हैं और जल्द ही आवासों का आवंटन शुरू होगा।
प्रत्येक आवास 3693 वर्गफीट में फैला:
हर विधायक आवास का निर्मित क्षेत्रफल लगभग 3693 वर्गफीट है। परिसर में आवासों के अलावा MLA हॉस्टल, कैंटीन, कम्युनिटी सेंटर, बैठक स्थल और पार्किंग सुविधा भी उपलब्ध कराई गई है। भवन निर्माण विभाग के सचिव कुमार रवि ने बताया कि कुल 246 आवास तैयार कर दिए गए हैं और इन्हें संबंधित विधानसभा क्षेत्र के अनुसार आवंटित किया जाएगा। हर आवास के बाहर निर्वाचन क्षेत्र संख्या और विधानसभा क्षेत्र का नाम अंकित किया गया है।
विधायकों को बेहतर सार्वजनिक संपर्क की सुविधा:
इन नए आवासों के तैयार हो जाने से विधायकों को अपने क्षेत्र के लोगों से मिलने, समस्याएँ सुनने और कार्यालय कार्यों को संचालित करने में पहले की तुलना में अधिक सुविधा मिलेगी। बड़े स्पेस और बेहतर सुविधाओं के साथ यह परिसर जनप्रतिनिधियों के कामकाज को अधिक सुगम बनाएगा।
पर्यावरण–अनुकूल निर्माण पर विशेष ध्यान:
यह आवासीय परिसर जीरो डिस्चार्ज कॉन्सेप्ट पर आधारित है। सिवरेज का पानी उपचारित करने के बाद बागवानी में पुनः उपयोग किया जाएगा। परिसर में वर्षा जल संचयन (Rainwater Harvesting) की भी व्यवस्था की गई है। ऊर्जा संरक्षण के लिए LED स्ट्रीट लाइट लगाई गई हैं। परिसर को आकर्षक बनाने के लिए सड़कों और सामान्य स्थलों पर चम्पा, गुलमोहर, महोगनी आदि के पौधे लगाए गए हैं।
इन सभी सुविधाओं के साथ यह नया आवासीय परिसर नवनिर्वाचित विधायकों के लिए आधुनिक, सुरक्षित और पर्यावरण–हितैषी रहने का एक उत्कृष्ट मॉडल साबित होगा।








