Manthan-2025
गया, एजेंसियां। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने बुधवार को गया में आयोजित दो दिवसीय उच्चस्तरीय कार्यशाला ‘मंथन–2025’ का उद्घाटन किया। यह कार्यशाला बिहार लोक प्रशासन और ग्रामीण विकास संस्थान (बिपार्ड) द्वारा आयोजित की गई है और 18 दिसंबर तक चलेगी। उद्घाटन के अवसर पर मुख्यमंत्री ने गया के विकास से जुड़ी कई अहम परियोजनाओं का शिलान्यास भी किया।सीएम नीतीश कुमार ने संवाद वाटिका, नक्षत्र वन, ब्रह्मयोनि सरोवर के पुनर्जीवन, उन्नत पुस्तकालय, मोटर ड्राइविंग स्कूल और नव-स्थापित स्पेस गैलरी जैसी योजनाओं की आधारशिला रखी। इन परियोजनाओं का उद्देश्य पर्यटन, पर्यावरण संरक्षण, कौशल विकास और शैक्षणिक सुविधाओं को बढ़ावा देना है।
प्रशासनिक क्षमता बढ़ाने पर फोकस
‘मंथन–2025’ कार्यशाला में राज्य के वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी, सभी जिलों के जिलाधिकारी और प्रमंडलीय आयुक्त शामिल हुए। दो दिनों तक चलने वाली इस कार्यशाला का मुख्य उद्देश्य जिला-केंद्रित शासन प्रणाली को और अधिक प्रभावी बनाना है। इसमें प्रशासनिक निर्णयों को तेजी से लागू करने, अधिकारियों की निर्णय क्षमता को मजबूत करने और शासन व्यवस्था को जवाबदेह बनाने पर विचार-विमर्श किया जा रहा है।कार्यशाला के दौरान उत्तरदायी शासन, ईज ऑफ डूइंग बिजनेस, शहरी विकास की चुनौतियां, कानूनी ढांचा, लोक-निजी भागीदारी और जिलों में चल रही नवाचारी योजनाओं जैसे विषयों पर विशेष सत्र आयोजित किए गए हैं। जिलों में सफल प्रयोगों और योजनाओं को साझा कर उन्हें अन्य जिलों में मॉडल के रूप में लागू करने पर भी चर्चा हो रही है।
ट्रैफिक व्यवस्था में बदलाव
सीएम के गया दौरे को देखते हुए जिला प्रशासन की ओर से विशेष ट्रैफिक व्यवस्था लागू की गई है। वीवीआईपी आगमन और प्रस्थान के दौरान कुछ प्रमुख मार्गों पर वाहनों का आवागमन अस्थायी रूप से बंद रहेगा। आम जनता की सुविधा के लिए वैकल्पिक मार्ग निर्धारित किए गए हैं। यह व्यवस्था कार्यक्रम से एक घंटे पहले से लेकर उसके समापन तक प्रभावी रहेगी।कार्यशाला का समापन 18 दिसंबर को उप मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के संबोधन के साथ होगा।







