Chhapra murder case: छपरा हत्या कांड में बड़ा खुलासा, एनकाउंटर में मुख्य आरोपी नंदकिशोर राय घायल

2 Min Read

Chhapra murder case:

छपरा, एजेंसियां। पुलिस लाइन के पास हुए सनसनीखेज हत्याकांड में सारण पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी नंदकिशोर राय उर्फ शिकारी राय को एनकाउंटर में गिरफ्तार कर लिया। मुठभेड़ के दौरान आरोपी के पैर में गोली लगी, जबकि पुलिस की ओर से कार्रवाई करते समय सब-इंस्पेक्टर सुमन कुमार भी अपराधियों की गोली से घायल हुए। दोनों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

हत्या कांड में शामिल दोनों निकले कुख्यात अपराधी

पुलिस जांच में खुलासा हुआ कि मारा गया अपराधी भीषम राय, दरियापुर थाना के बसही गांव का रहने वाला कुख्यात सुपारी किलर था। वारदातों को अंजाम देने के बाद वह कटिहार की एक जूट मिल में फर्जी नाम से गार्ड की नौकरी कर रहा था। उसकी हत्या करने वाला आरोपी नंदकिशोर उर्फ शिकारी राय गड़खा थाना क्षेत्र का निवासी है और उस पर आठ से अधिक संगीन आपराधिक मामले दर्ज हैं।

पुलिस- अपराधी आमने-सामने, एनकाउंटर में घायल हुआ आरोपी

हत्या मामले में फरार आरोपी को पकड़ने पहुंची पुलिस पर उसने अचानक गोलीबारी शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने फायरिंग की जिसमें शिकारी राय के पैर में गोली लगी और वह मौके पर ही घायल अवस्था में पकड़ा गया। इसी दौरान एसआई सुमन कुमार के कंधे में भी गोली लगी।

भारी मात्रा में हथियार बरामद

पुलिस ने आरोपी के पास से दो अत्याधुनिक पिस्टल तीन मैगजीनआठ जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। हथियारों की जांच फॉरेंसिक टीम कर रही है।

एसएसपी ने दी जानकारी

एसएसपी सारण डॉ. कुमार आशीष ने बताया कि पुलिस टीम को देखते ही आरोपी भागने लगा और उस पर गोली चला दी। आत्मरक्षा में की गई कार्रवाई में आरोपी को पकड़ लिया गया। उन्होंने कहा कि यह कार्रवाई क्षेत्र में बढ़ते अपराध पर सख्त संदेश है।

Share This Article