Madhepura Engineering College
पटना, एजेंसियां। बिहार के मधेपुरा जिले में इंजीनियरिंग कॉलेज के गर्ल्स हॉस्टल में सोमवार शाम एक छात्रा की संदिग्ध मौत हो गई जिसके बाद कैंपस में भय का माहौल है। हॉस्टल में रहने वाली छात्राएं बेहद डरी हुई हैं उनका कहना है हॉस्टल में भूत है और लगातार घर भेजे जाने की मांग कर रही हैं। कई छात्राओं ने दहशत में खाना-पीना तक छोड़ दिया है।
छात्राएं हॉस्टल में नहीं रहना चाहतीं
मंगलवार को स्थिति तनावपूर्ण रही। छात्राओं ने कॉलेज प्रबंधन के सामने सामूहिक रूप से कहा कि वे हॉस्टल में नहीं रहना चाहतीं। कई छात्राओं ने डर से खाना-पीना तक छोड़ दिया है। हालात को संभालने के लिए कॉलेज के प्राचार्य अमरेंद्र कुमार अमर हॉस्टल पहुंचे और छात्राओं से बातचीत कर उन्हें सुरक्षा का भरोसा दिलाया। उन्होंने हॉस्टल में सुरक्षा व्यवस्था दोगुनी करने के निर्देश दिए और छात्राओं को वहीं रुकने के लिए मनाया।
इस बीच मृतका के परिजनों ने कॉलेज प्रबंधन पर गंभीर आरोप लगाए हैं। पिता का कहना है कि उन्हें बेटी की मौत की जानकारी कॉलेज या पुलिस से नहीं, बल्कि उसकी रूममेट से मिली। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और पूरी रात मेडिकल कॉलेज में कैंप किया। घटना से सदमे में आई रूममेट को फिलहाल घर भेज दिया गया है। जांच के बाद ही मौत के कारणों का खुलासा हो पाएगा।
