खगड़िया पुलिस ने लॉन्च की नई वेबसाइट, अब ऑनलाइन होगी शिकायत और सत्यापन

2 Min Read

Khagaria police online services

खगड़िया, एजेंसियां। खगड़िया पुलिस ने नागरिकों की सुविधा और पारदर्शिता बढ़ाने की दिशा में एक अहम कदम उठाते हुए अपनी आधिकारिक वेबसाइट लॉन्च की है। रविवार को आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में पुलिस अधीक्षक (एसपी) राकेश कुमार ने इस वेबसाइट की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि यह पहल डिजिटल इंडिया की दिशा में एक मजबूत प्रयास है, जिससे आम लोगों को पुलिस से जुड़ी कई सेवाएं घर बैठे मिल सकेंगी। इस मौके पर साइबर डीएसपी निशांत गौरव भी मौजूद थे।

हिंदी और अंग्रेजी में उपलब्ध होगी जानकारी

एसपी राकेश कुमार ने बताया कि वेबसाइट हिंदी और अंग्रेजी दोनों भाषाओं में उपलब्ध है। नागरिक यहां खगड़िया पुलिस की उपलब्धियों की जानकारी ले सकेंगे और अपनी समस्याएं ऑनलाइन दर्ज करा सकेंगे। वेबसाइट पर शिकायत, सुझाव और प्रतिक्रियाएं दर्ज करने की सुविधा दी गई है, जिससे लोगों को थानों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे।

शिकायत से लेकर सत्यापन तक की सुविधा

नई वेबसाइट के जरिए नागरिक सेवा से जुड़ी कई सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं। इसमें किरायेदार सत्यापन, चरित्र सत्यापन और अन्य प्रकार के वेरिफिकेशन के लिए ऑनलाइन आवेदन किया जा सकता है। आवेदन के लिए नाम, पूरा पता और मोबाइल नंबर दर्ज करना अनिवार्य होगा। आवेदन संबंधित थाने को ऑनलाइन भेजा जाएगा और तय समय सीमा के भीतर समस्या का समाधान किया जाएगा।

पुलिस अधिकारियों की पूरी जानकारी उपलब्ध

वेबसाइट पर एसपी से लेकर डीएसपी, थानेदार और अन्य पुलिस अधिकारियों की पूरी जानकारी उपलब्ध रहेगी। इसमें मोबाइल नंबर, ईमेल आईडी और संपर्क विवरण शामिल हैं। इसके अलावा महिला थाना, साइबर थाना और अन्य हेल्पलाइन नंबर भी वेबसाइट पर दिए गए हैं।

हिस्ट्रीशीटरों की जानकारी भी होगी शामिल

एसपी ने बताया कि वेबसाइट पर हिस्ट्रीशीटरों की विस्तृत जानकारी भी उपलब्ध कराई गई है। साथ ही जिला पुलिस कंट्रोल रूम और बिहार पुलिस की वेबसाइट का लिंक भी इसमें जोड़ा गया है। पुलिस का कहना है कि इस पहल से नागरिकों की परेशानी कम होगी और पुलिसिंग व्यवस्था अधिक जवाबदेह व पारदर्शी बनेगी।

Share This Article