Japanese bride Maria Bihar: जापान से बिहार तक प्रेम की डोर, जापानी दुल्हनिया मारिया पहुंचीं ससुराल मधेपुरा

3 Min Read

Japanese bride Maria Bihar

मधेपुरा, एजेंसियां। प्रेम की कोई सीमा नहीं होती न देश की, न भाषा की और न संस्कृति की। इस बात को सच कर दिखाया है मधेपुरा जिले के पुरैनी प्रखंड अंतर्गत रौता गांव निवासी आईआईटीयन इंजीनियर राहुल कुमार और जापान की रहने वाली मारिया ने। जापान में शुरू हुई दोनों की प्रेम कहानी अब बिहार के एक छोटे से गांव तक पहुंचकर विवाह के पवित्र बंधन में बंध गई है।

होंडा में सीनियर इंजीनियर हैं राहुल कुमार

प्राप्त जानकारी के अनुसार, राहुल कुमार वर्ष 2020 से जापान की प्रतिष्ठित ऑटोमोबाइल कंपनी होंडा में सीनियर इंजीनियर के पद पर कार्यरत हैं। इसी दौरान टोक्यो में उनकी मुलाकात मारिया से हुई, जो एक मल्टीनेशनल कंपनी में कार्य करती हैं। दोस्ती से शुरू हुआ यह रिश्ता समय के साथ गहरे प्रेम में बदला और दोनों ने परिवार की सहमति से टोक्यो में विवाह किया।

गांव पहुंची जापानी बहू, सादगी ने जीता दिल

विवाह के बाद राहुल अपनी पत्नी मारिया को लेकर अपने पैतृक गांव रौता पहुंचे, जहां पारंपरिक भारतीय अंदाज में उनका गर्मजोशी से स्वागत किया गया। सादगी, मुस्कान और संस्कारों से सबका दिल जीतने वाली मारिया ने हाथ जोड़कर ‘प्रणाम’ किया और स्थानीय अंदाज में अभिवादन कर ग्रामीणों को प्रभावित किया।

पूरे क्षेत्र में चर्चा का विषय बना अनोखा विवाह

गांव की महिलाएं, बुजुर्ग और बच्चे जापानी बहू को देखने और उनसे मिलने के लिए उत्साहित नजर आए। मारिया जापानी और अंग्रेजी भाषा में पारंगत हैं और भारतीय संस्कृति को समझने व अपनाने की कोशिश कर रही हैं। गांव में आयोजित प्रीतिभोज में दूर-दराज से लोग पहुंचे और यह अनोखा विवाह पूरे क्षेत्र में चर्चा का विषय बना रहा।

ग्रामवासियों ने जताई खुशी और गर्व

बताया जाता है कि राहुल कुमार, रौता कुर्संडी निवासी सुधिष्ट यादव के पुत्र हैं, जो वर्तमान में दिल्ली स्थित सुप्रीम कोर्ट में कार्यरत हैं। पंचायत के उप मुखिया वाजिद खान ने इसे पूरे क्षेत्र के लिए गर्व का क्षण बताया। जापान से बिहार तक पहुंची यह प्रेम कहानी सांस्कृतिक समन्वय और सामाजिक सौहार्द की सुंदर मिसाल बन गई है।

Share This Article