Bihar Weather:
पटना, एजेंसियां। छठ पर्व के बाद बिहार का मौसम एक बार फिर करवट लेने जा रहा है। बंगाल की खाड़ी से उठा चक्रवात ‘मोन्था’ अब उत्तर की ओर बढ़ते हुए राज्य के मौसम पर असर डालने लगा है। मौसम विभाग (IMD) ने अगले 48 घंटे के लिए बिहार के कई जिलों में भारी बारिश, तेज हवाओं और बिजली गिरने की चेतावनी जारी की है।
मोन्था का असर
मंगलवार को ‘मोन्था’ आंध्र प्रदेश के मछलीपट्टनम और काकीनाडा तटीय इलाकों से टकरा चुका है और अब यह ओडिशा, छत्तीसगढ़ और झारखंड होते हुए बिहार की ओर बढ़ रहा है। हालांकि बिहार पहुंचते-पहुंचते यह कमजोर होकर एक लो प्रेशर एरिया में बदल जाएगा, लेकिन इसके असर से पूरे राज्य में झमाझम बारिश होने की संभावना है।
मौसम विभाग के अनुसार
मौसम विभाग के अनुसार, 30 अक्टूबर को जमुई, बांका, मुंगेर और भागलपुर में रेड अलर्ट जारी किया गया है। वहीं, 31 अक्टूबर को पटना, गया, कटिहार, पूर्वी और पश्चिमी चंपारण सहित कई जिलों में भारी वर्षा की संभावना है। इस दौरान हवा की रफ्तार 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे तक रह सकती है। बता दें ‘मोन्था’ नाम थाइलैंड ने दिया है, जिसका अर्थ है सुगंधित फूल। लेकिन इस बार यह ‘सुगंध’ बारिश और तेज हवाओं के रूप में बिहार तक पहुंच रही है। सोमवार रात यह चक्रवात गंभीर रूप ले चुका था और मंगलवार को आंध्र के तटीय इलाकों में 100 से 110 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलीं। इसके चलते पेड़ उखड़ गए, बिजली बाधित हुई और कई जगह भूस्खलन की घटनाएं हुईं।
किसानों और जनता के लिए अलर्ट
मौसम विभाग ने किसानों से फसल और अनाज को सुरक्षित स्थान पर रखने की अपील की है। खरीफ फसलों की कटाई जल्द पूरी करने और सिंचाई से परहेज की सलाह दी गई है ताकि अधिक पानी से फसलें खराब न हों। निचले इलाकों में जलजमाव की आशंका को देखते हुए प्रशासन ने राहत दलों और कंट्रोल रूम को अलर्ट पर रखा है।
बारिश के बाद ठंड बढ़ेगी
IMD के मुताबिक, 30 और 31 अक्टूबर की बारिश के बाद बिहार में ठंडक बढ़ने लगेगी। अधिकतम तापमान में 3 से 4 डिग्री तक की गिरावट आ सकती है। मानसून के लौटने के बाद यह पहली बार होगा जब राज्यभर में इतनी व्यापक वर्षा दर्ज की जाएगी। नवंबर की शुरुआत ठंडी हवाओं और सुबह-शाम की ठिठुरन के साथ होने की संभावना है।
इसे भी पढ़ें
Bay of Bengal: बंगाल की खाड़ी में नो फ्लाई जोन घोषित क्षेत्र में भारत ने किया शक्ति प्रदर्शन

