Dularchand murder case:
पटना, एजेंसियां। बिहार की मोकामा विधानसभा सीट से जेडीयू प्रत्याशी और बाहुबली पूर्व विधायक अनंत सिंह पर एक बार फिर गंभीर आरोप लगे हैं। जन सुराज पार्टी के प्रत्याशी पीयूष प्रियदर्शी के समर्थक दुलारचंद यादव की हत्या के मामले में अनंत सिंह और उनके दो भतीजों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है।
दुलारचंद यादव के परिवार का आरोप:
मृतक दुलारचंद यादव के परिवार ने आरोप लगाया है कि अनंत सिंह और उनके भतीजे रणवीर सिंह, कर्मवीर सिंह समेत पांच लोगों ने पहले गोली मारी और फिर गाड़ी चढ़ाकर हत्या कर दी। पुलिस ने मृतक के पोते के बयान पर केस दर्ज किया है, हालांकि अब तक किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई है। इस घटना के बाद केवल दुलारचंद के परिजनों ने ही नहीं, बल्कि अनंत सिंह की ओर से भी केस दर्ज कराया गया है। दोनों तरफ से लिखित आवेदन पुलिस को दिए गए हैं।
मोकामा सीट पर त्रिकोणीय मुकाबला:
मोकामा सीट पर इस बार त्रिकोणीय मुकाबला है। जेडीयू से अनंत सिंह, आरजेडी से सूरजभान सिंह और जन सुराज से पीयूष प्रियदर्शी मैदान में हैं। दुलारचंद यादव, जो पीयूष प्रियदर्शी के समर्थन में प्रचार कर रहे थे, की हत्या से इलाके का माहौल तनावपूर्ण हो गया है। पहले चरण की वोटिंग से ठीक पहले इस वारदात ने मोकामा का चुनावी माहौल गर्मा दिया है। दोनों बाहुबली नेता अनंत सिंह और सूरजभान सिंह वर्षों से इस इलाके की राजनीति में प्रभाव रखते हैं। अनंत सिंह पांच बार विधायक रह चुके हैं, जबकि सूरजभान पूर्व सांसद हैं।
अनंत सिंह ने आरोपों को झूठा बताया:
अनंत सिंह ने खुद पर लगे आरोपों को झूठा और राजनीतिक साजिश बताया। उन्होंने कहा कि हम टाल पर वोट मांग रहे थे। देखा कि सात गाड़ियां खड़ी हैं, लगा कोई वोट मांग रहा है। तभी मुर्दाबाद के नारे लगने लगे। फिर करीब 30 गाड़ियां आगे बढ़ गईं और 10 गाड़ियां पीछे रह गईं। उन पर पथराव शुरू हो गया। सड़क पर ईंट-पत्थर रखे गए थे। यह सारा खेल सूरजभान का है। दुलारचंद उन्हीं के साथ रहता था। फिलहाल पुलिस ने पूरे इलाके में गश्त बढ़ा दी है और स्थिति को नियंत्रण में बताया है। अधिकारियों का कहना है कि दोनों पक्षों के बयान दर्ज किए जा चुके हैं और मामले की जांच जारी है।
इसे भी पढ़ें
