Bihar Tourism Hub: पूर्वी बिहार का यह जिला बनेगा नया ट्रांसपोर्ट और पर्यटन हब… जानें

2 Min Read

Bihar Tourism Hub

भागलपुर, एजेंसियां। पूर्वी बिहार का ऐतिहासिक जिला भागलपुर राज्य का नया ट्रांसपोर्ट और पर्यटन हब बनने जा रहा है। भागलपुर को तीन बड़े प्रोजेक्ट-मुंगेर-भागलपुर मरीन ड्राइव, सुल्तानगंज ग्रीनफील्ड एयरपोर्ट और हल्दिया से बनारस तक इनलैंड वाटरवे की सौगात मिलने जा रही है। इन परियोजनाओं की कुल लागत लगभग 10,000 करोड़ रुपये है।

मुंगेर–भागलपुर मरीन ड्राइव :

भागलपुर के जिलाधिकारी डॉ. नवल किशोर चौधरी ने बताया कि गंगा किनारे 8,500 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाला मरीन ड्राइव दो चरणों में पूरा होगा। यह परियोजना सड़क यातायात को सुगम बनाने के साथ-साथ पर्यटन को भी बढ़ावा देगी। भूमि अधिग्रहण के लिए प्रशासन ने प्रस्ताव मांगे हैं और विस्तृत रिपोर्ट तैयार की जा रही है।

सुल्तानगंज ग्रीनफील्ड एयरपोर्ट :

सुल्तानगंज में बनने वाला नया एयरपोर्ट धार्मिक और व्यापारिक दृष्टि से महत्वपूर्ण होगा। एयरपोर्ट अथॉरिटी ऑफ इंडिया ने उड़ान और लैंडिंग पाथ से जुड़ी तकनीकी रिपोर्टें मांगी हैं। शुरुआती चरण के लिए 432.32 करोड़ रुपये की राशि जारी की जा चुकी है। इस एयरपोर्ट से स्थानीय और अंतरराष्ट्रीय यात्रियों के लिए तेज़ और आसान कनेक्टिविटी मिलेगी।

हल्दिया–बनारस इनलैंड वाटरवे :

हल्दिया से बनारस तक जलमार्ग परियोजना से माल ढुलाई सस्ती और सुरक्षित होगी। सड़क यातायात का बोझ कम होगा और नदी किनारे बसे गांवों का विकास भी होगा। इसके अलावा पर्यटन और व्यापार में नई संभावनाएं बढ़ेंगी।

विकास से रोजगार और आर्थिक लाभ :

अधिकारियों ने बताया कि इन प्रोजेक्ट्स से स्थानीय लोगों के लिए रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे। निर्माण कार्य में स्थानीय श्रमिकों को प्राथमिकता दी जाएगी। पर्यटन, लॉजिस्टिक और परिवहन क्षेत्रों में भी रोजगार के अवसर बढ़ेंगे। डॉ. नवल किशोर चौधरी ने कहा, “मरीन ड्राइव, एयरपोर्ट और जलमार्ग के विकास से भागलपुर का भविष्य पूरी तरह बदल जाएगा। यह जिला न केवल आर्थिक दृष्टि से महत्वपूर्ण बनेगा, बल्कि पर्यटकों और व्यापारियों के लिए भी आकर्षक केंद्र बनेगा।”

Share This Article