Dilip Kumar Jaiswal:
पटना, एजेंसियां। बिहार विधानसभा चुनाव के दूसरे चरण में मंगलवार को मतदान के दौरान नेताओं में भी उत्साह देखा गया। किशनगंज में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. दिलीप कुमार जायसवाल ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया और लोगों से अधिक से अधिक संख्या में मतदान करने की अपील की। उन्होंने मतदान को “लोकतंत्र का महापर्व” बताते हुए कहा कि प्रत्येक नागरिक को इसमें सक्रिय भागीदारी निभानी चाहिए।
डॉ. जायसवाल ने किया दावा:
डॉ. जायसवाल ने दावा किया कि इस बार बिहार की जनता एनडीए के विकास मॉडल पर भरोसा जता रही है। उन्होंने कहा, “राज्य में इस बार भारी मतदान हो रहा है, और मुझे पूर्ण विश्वास है कि दो-तिहाई बहुमत के साथ एनडीए की सरकार बनेगी। लोगों ने झूठे वादों और नकारात्मक राजनीति को नकार दिया है।”
जायसवाल ने साधा तेजस्वी यादव पर निशाना:
तेजस्वी यादव पर निशाना साधते हुए जायसवाल ने कहा कि वे पहले से ही हार का बहाना ढूंढ रहे हैं। “उन्हें यह समझ नहीं है कि अधिक मतदान का लाभ किसे होता है। जनता अब जागरूक है और विकास की राजनीति चाहती है,” उन्होंने कहा-दिल्ली में हुए लाल किला बम धमाके पर प्रतिक्रिया देते हुए भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने इसे “देश की सुरक्षा पर गंभीर हमला” बताया। उन्होंने कांग्रेस नेता राहुल गांधी की चुप्पी पर भी सवाल उठाते हुए कहा, “देश के इस कठिन समय में सभी को आतंकवाद के खिलाफ एकजुट होकर आवाज उठानी चाहिए।”
डॉ. जायसवाल ने जनता से आग्रह किया कि वे शांतिपूर्ण ढंग से मतदान करें और बिहार को एक स्थिर, सुरक्षित और समृद्ध सरकार देने में अपनी भूमिका निभाएं।



