Chirag Paswan CM demand:
पटना, एजेंसियां। बिहार की राजनीति में एक बार फिर हलचल तेज हो गई है। लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के प्रमुख और केंद्रीय मंत्री Chirag Paswan को मुख्यमंत्री बनाने की मांग को लेकर पार्टी कार्यकर्ताओं के बीच चर्चा तेज हो गई है। इस मांग को लेकर राजधानी पटना में पोस्टर भी लगाए गए हैं, जिसके बाद सियासी माहौल गरमा गया है।इस मामले पर प्रतिक्रिया देते हुए बिहार सरकार में लोजपा (रामविलास) कोटे से मंत्री Sanjay Paswan ने कहा कि फिलहाल राज्य के मुख्यमंत्री नितीश कुमार ही हैं और आगे क्या होगा, इसका फैसला राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन यानी National Democratic Alliance की बैठक में लिया जाएगा।
जब चिराग पासवान को मुख्यमंत्री बनाने की बात पूछा गया
पटना में मीडिया से बातचीत के दौरान मंत्री संजय पासवान से जब चिराग पासवान को मुख्यमंत्री बनाने की मांग वाले पोस्टरों के बारे में पूछा गया, तो उन्होंने कहा कि पार्टी कार्यकर्ताओं की अपनी भावनाएं होती हैं और उनका सम्मान किया जाना चाहिए। हालांकि उन्होंने स्पष्ट किया कि गठबंधन की राजनीति में अंतिम फैसला शीर्ष नेतृत्व द्वारा ही लिया जाता है।
संजय पासवान ने क्या कहा?
संजय पासवान ने कहा कि किसी एक व्यक्ति की इच्छा से सरकार या नेतृत्व में बदलाव नहीं होता। गठबंधन में शामिल सभी दलों की सहमति और शीर्ष नेतृत्व के फैसले का सम्मान करना जरूरी होता है। उन्होंने कहा कि जब भी इस विषय पर एनडीए की बैठक होगी, उसमें जो भी निर्णय लिया जाएगा, उसे सभी सहयोगी दल स्वीकार करेंगे।
इसी बीच, जदयू से जुड़े एक अन्य मुद्दे पर भी संजय पासवान ने अपनी प्रतिक्रिया दी। Nishant Kumar के जनता दल (यूनाइटेड) में शामिल होने की चर्चा पर उन्होंने कहा कि हर राजनीतिक दल अपने संगठन और भविष्य को ध्यान में रखते हुए निर्णय लेता है। यह पूरी तरह उस पार्टी का आंतरिक मामला है और अन्य दलों को उसका सम्मान करना चाहिए।
क्या है मामला?
गौरतलब है कि हाल के दिनों में लोजपा (रामविलास) के कार्यकर्ताओं द्वारा कई बार चिराग पासवान को बिहार का मुख्यमंत्री बनाने की मांग उठाई गई है। इसी क्रम में पटना स्थित भाजपा कार्यालय के बाहर भी पोस्टर लगाए गए, जिनमें लिखा था “ना दंगा, ना फसाद हो, बिहार का सीएम सिर्फ चिराग हो।”राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि यह मांग ऐसे समय उठी है जब बिहार की राजनीति में कई तरह की अटकलें लगाई जा रही हैं। हालांकि फिलहाल एनडीए के नेताओं का कहना है कि राज्य में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ही हैं और किसी भी बड़े फैसले से पहले गठबंधन स्तर पर चर्चा की जाएगी।








