Chirag Paswan:
पटना, एजेंसियां। लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) ने 28 नवंबर को पटना के बापू सभागार में अपना 25वां स्थापना दिवस धूमधाम से मनाया। कार्यक्रम में राष्ट्रीय अध्यक्ष व केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान को शामिल होना था, लेकिन दिल्ली स्थित आवास से एयरपोर्ट के लिए निकलने के बाद अचानक तबीयत बिगड़ने पर उन्हें वापस लौटना पड़ा। मंच से यह जानकारी पार्टी के बिहार प्रभारी एवं जमुई सांसद अरुण भारती ने दी। कार्यकर्ताओं में हल्की निराशा दिखी, क्योंकि वे चिराग को सुनने के लिए बड़ी संख्या में पहुंचे थे।
कार्यकर्ताओं में उत्साह—“चिराग को मुख्यमंत्री बनाना है”:
स्थापना दिवस में बिहार भर से कार्यकर्ता जुटे। कई कार्यकर्ताओं ने कहा कि आने वाले समय में वे चिराग पासवान को मुख्यमंत्री बनते देखना चाहते हैं। हालांकि चिराग उपस्थित नहीं हो पाए, लेकिन कार्यक्रम पूरे उत्साह के साथ जारी रहा।
दिल्ली से टेलीफोनिक संबोधन, ‘बिहार फर्स्ट–बिहारी फर्स्ट’ पर जोर
चिराग पासवान ने दिल्ली से फोन के माध्यम से कार्यकर्ताओं, विधायकों और पदाधिकारियों को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि बिहार की जनता ने जो जिम्मेदारी उन्हें दी है, वे उसे पूरी तरह निभाने को प्रतिबद्ध हैं। उन्होंने कहा-“विधायक सिर्फ अपनी विधानसभा ही नहीं, बल्कि पूरे जिले के विकास के लिए काम करें।” “‘बिहार फर्स्ट–बिहारी फर्स्ट’ के संदेश को गांव-गांव तक पहुंचाएं।”चिराग ने विधायकों को जीत के बाद अहंकार से बचने की नसीहत भी दी।
एनडीए को मिला प्रचंड जनसमर्थन-चिराग:
चिराग ने कहा कि बिहार की जनता ने एनडीए को बड़ा जनादेश दिया है और यह सरकार आने वाले वर्षों में जनता की अपेक्षाओं पर खरा उतरेगी।कार्यक्रम के अंत में नेताओं ने चिराग के जल्द स्वस्थ होने की कामना की और पार्टी संगठन को और मजबूत करने का संकल्प लिया।







