NEET student case: हॉस्टल से अस्पताल तक सवाल ही सवाल? NEET छात्रा मामले में CBI की जांच तेज

3 Min Read

NEET student case

पटना, एजेंसियां। NEET छात्रा मामले में जांच कर रही केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (CBI) ने जांच की रफ्तार तेज कर दी है। टीम ने जहानाबाद जाकर छात्रा के एक अन्य मामा से पूछताछ की, जबकि मामी से गया में बातचीत की गई। गुरुवार को कदमकुआं थाना के निलंबित सब-इंस्पेक्टर हेमंत झा से करीब चार घंटे तक सवाल-जवाब किए गए। एफएसएल रिपोर्ट के बाद सबूत जुटाने में लापरवाही के आरोप में उन्हें और चित्रगुप्तनगर थाने की तत्कालीन थानेदार को पहले ही निलंबित किया जा चुका है।

निलंबित SI से क्या पूछे गए सवाल?

CBI ने हेमंत झा से पूछा कि छात्रा के प्रभात मेमोरियल अस्पताल पहुंचने के बाद उसके कपड़े क्यों जब्त नहीं किए गए? परिजनों को कपड़े कैसे मिले और पुलिस को किस आधार पर सौंपे गए? पोस्टमार्टम और एफएसएल रिपोर्ट में दुष्कर्म की पुष्टि के बावजूद मामले को आत्महत्या क्यों माना गया?

साथ ही यह भी पूछा गया कि अस्पताल से सूचना कब और कैसे मिली तथा चित्रगुप्तनगर थाने को सूचना देने में देरी क्यों हुई।सूत्रों के अनुसार, CBI जल्द ही इस केस की पहली IO रहीं अधिकारियों से भी पूछताछ कर सकती है। जांच एजेंसी की एक टीम पूर्व SIT की कार्यप्रणाली की भी समीक्षा कर रही है।

परिवार ने उठाए गंभीर आरोप

छात्रा के चाचा ने कहा कि परिवार शुरू से ही शंभू गर्ल्स हॉस्टल पर शक जता रहा है। उनका आरोप है कि घटना के सारे रहस्य हॉस्टल के भीतर छिपे हैं। उन्होंने CBI से हॉस्टल संचालिका, उसके बेटे और वार्डन को आमने-सामने बैठाकर पूछताछ करने की मांग की है।परिवार ने प्रभात मेमोरियल अस्पताल के इलाज पर भी सवाल उठाए हैं। आरोप है कि 6-8 घंटे में होने वाला जरूरी यूरिन टेस्ट 8 जनवरी को कराया गया। परिजनों का दावा है कि अन्य डॉक्टरों से क्रॉस-चेक करने पर इलाज में लापरवाही सामने आई है।

पप्पू यादव के गंभीर आरोप

पूर्णिया सांसद पप्पू यादव ने फेसबुक लाइव के जरिए पुलिस प्रशासन पर तीखे सवाल उठाए। उन्होंने आरोप लगाया कि घटना हॉस्टल के अंदर हुई और छात्रा की मौत अस्पताल में संदिग्ध परिस्थितियों में हुई। उन्होंने SSP और SP से पूछा कि हॉस्टल संचालिका की गिरफ्तारी अब तक क्यों नहीं हुई और कुछ आरोपियों के कॉल डिटेल्स क्यों नहीं निकाले गए।

पप्पू यादव ने यह भी कहा कि परिवार को धमकियां मिलीं और जांच को भटकाने की कोशिश की जा रही है। उन्होंने मांग की कि मूल डायरी, सीसीटीवी फुटेज और अन्य डिजिटल साक्ष्य परिवार व जांच एजेंसी को सौंपे जाएं।CBI की टीम में एक महिला और चार पुरुष अधिकारी शामिल हैं। जांच अभी जारी है और एजेंसी सभी पहलुओं की गहन पड़ताल कर रही है।

Share This Article