BJP candle march:
पटना, एजेंसियां। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की दिवंगत मां को लेकर कथित आपत्तिजनक टिप्पणी के विरोध में बिहार की राजधानी पटना में बीजेपी नेताओं और कार्यकर्ताओं ने जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। “मां का अपमान नहीं सहेगा बिहार” नारे के साथ शुक्रवार को उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष दिलीप कुमार जायसवाल, और अन्य वरिष्ठ नेताओं की अगुवाई में कैंडल मार्च निकाला गया।इस मार्च में बड़ी संख्या में महिलाएं, पार्टी कार्यकर्ता, विधायक, मंत्री और सांसद शामिल हुए। नेताओं ने कांग्रेस और राजद पर हमला करते हुए कहा कि राहुल गांधी की “वोटर अधिकार यात्रा” के दौरान जो भाषा मंच से इस्तेमाल की गई, वह “नारी सम्मान” और “बिहार की सभ्यता” के खिलाफ है।
सम्राट चौधरी ने राहुल गांधी पर साधा निशाना
डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी ने राहुल गांधी, तेजस्वी यादव और अखिलेश यादव पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा,”बिहार में राहुल गांधी की ‘गाली गलौज यात्रा’ खत्म होने जा रही है। प्रधानमंत्री की मां के लिए अपशब्द कहकर उन्होंने न सिर्फ व्यक्तिगत अपमान किया, बल्कि देश की हर मां का अपमान किया है। बिहार की जनता और मातृशक्ति इसका करारा जवाब देगी।”उन्होंने आगे कहा कि बिहार में अब सुशासन है, और राहुल-तेजस्वी जैसे नेताओं को खरोंच तक नहीं आई, लेकिन वे यहां आकर “जहर घोलने” की कोशिश कर रहे हैं।
कैंडल मार्च में कौन-कौन थे शामिल?
इस विरोध प्रदर्शन में बीजेपी के कई वरिष्ठ नेता और पदाधिकारी शामिल हुए, जिनमें:
राज्यसभा सांसद धर्मशीला गुप्ता
महिला मोर्चा राष्ट्रीय उपाध्यक्ष पूजा कपिल मिश्रा
विधायक अरुण सिन्हा
प्रदेश महामंत्री राकेश कुमार, राधामोहन शर्मा, लाजवंती झा
प्रवक्ता अरविंद सिंह, प्रभात मालाकार
युवा मोर्चा अध्यक्ष भारतेन्दु मिश्रा, सीमांत शेखर, और कई कार्यकर्ता मौजूद रहे।
नारी शक्ति का साथ
कैंडल मार्च में महिलाओं ने बड़ी संख्या में भाग लिया। उन्होंने कहा कि मां के सम्मान को ठेस पहुंचाना किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। यह केवल एक राजनीतिक मुद्दा नहीं, बल्कि सांस्कृतिक और सामाजिक मर्यादा का सवाल है।पटना की सड़कों पर यह विरोध प्रदर्शन इस बात का संकेत है कि 2025 के राजनीतिक माहौल में व्यक्तिगत टिप्पणियां और संवेदनशील मुद्दे किस तरह सियासी ताप बढ़ा रहे हैं। आने वाले दिनों में इस मुद्दे पर सियासत और तेज होने की संभावना है।
इसे भी पढ़ें







