Bihar weather update
पटना, एजेंसियां। बिहार में होली से पहले ही गर्मी ने तेवर दिखाने शुरू कर दिए हैं। 4 मार्च को होली मनाई जानी है, लेकिन उससे पहले राज्य में चुभन वाली धूप लोगों को परेशान कर रही है। मौसम विभाग के अनुसार, अगले 48 घंटों में अधिकतम तापमान में करीब 3 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी हो सकती है और पारा 35 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है।
अगले 48 घंटे का पूर्वानुमान
मौसम विभाग के मुताबिक, शुक्रवार को राज्य का अधिकतम तापमान 33°C दर्ज किया गया। पिछले 24 घंटे में अधिकांश जिलों के अधिकतम तापमान में करीब 1.8°C की बढ़ोतरी हुई, जबकि न्यूनतम तापमान में हल्की गिरावट दर्ज की गई। सबसे अधिक तापमान कैमूर जिले में रिकॉर्ड किया गया और सबसे कम तापमान किशनगंज में दर्ज हुआ। विशेषज्ञों का कहना है कि शनिवार और रविवार को तापमान में और बढ़ोतरी होगी, जिससे दिन के समय तेज गर्मी का अहसास होगा।
अन्य जिलों में कैसा रहा मौसम?
रोहतास के डेहरी, गया और औरंगाबाद में अधिकतम तापमान 32°C तक पहुंच गया। शेखपुरा, पटना, राजगीर (नालंदा), सासाराम, मोतिहारी, मुंगेर और बांका में भी पारा 30°C से ऊपर दर्ज किया गया। करीब 19 जिलों में पिछले 24 घंटे के दौरान तापमान में वृद्धि देखी गई। उत्तर बिहार की तुलना में दक्षिण बिहार के जिलों में गर्मी का असर अधिक महसूस किया गया। मौसम विभाग ने संकेत दिया है कि मार्च की शुरुआत में ही ज्येष्ठ जैसी गर्मी का एहसास हो सकता है।
पटना में इस साल का सबसे गर्म दिन
राजधानी पटना में पिछले 24 घंटे के दौरान अधिकतम तापमान 30°C दर्ज किया गया, जो इस साल का अब तक का सबसे अधिक तापमान है। वहीं न्यूनतम तापमान में 0.4°C की गिरावट दर्ज की गई। दोपहर के समय तेज और चुभन वाली धूप के कारण लोग घर से निकलने से बच रहे हैं। मौसम विशेषज्ञों ने सलाह दी है कि दोपहर में धूप से बचें, पर्याप्त पानी पिएं और जरूरत पड़ने पर ही बाहर निकलें, क्योंकि होली से पहले ही हीट अटैक जैसी स्थिति बन सकती है।







