Bihar DPO arrested:
पटना, एजेंसियां। Bihar के किशनगंज जिले में विशेष निगरानी इकाई (SVU) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए ठाकुरगंज की बाल विकास परियोजना पदाधिकारी (डीपीओ) अनीता कुमारी को 50 हजार रुपये रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। यह कार्रवाई 20 फरवरी 2026 को लिखित शिकायत के आधार पर की गई। आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत कांड संख्या 08/2026 दर्ज किया गया है।
10 लाख रुपये की थी मांग
शिकायत नालंदा जिले के नूरसराय थाना क्षेत्र के जगदीशपुर तियारी निवासी नागेंद्र कुमार ने दर्ज कराई थी। आरोप है कि डीपीओ ने आरोप पत्र गठित कर निलंबित कराने की धमकी देते हुए कार्रवाई से बचाने के नाम पर 10 लाख रुपये रिश्वत की मांग की थी।
जाल बिछाकर की गई गिरफ्तारी
शिकायत की पुष्टि के बाद SVU की टीम ने जाल बिछाया और 50 हजार रुपये लेते हुए अनीता कुमारी को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद उनके आवास की तलाशी ली गई, जहां से 4 लाख रुपये नकद बरामद हुए। विशेष निगरानी इकाई के अपर पुलिस महानिदेशक पंकज कुमार दाराद ने गिरफ्तारी की पुष्टि की है। आरोपी को शनिवार को पटना स्थित निगरानी न्यायालय में पेश किया जाएगा।
विभाग में चर्चा तेज
इस कार्रवाई के बाद आईसीडीएस विभाग और जिले के अन्य अधिकारियों के बीच हलचल तेज हो गई है। आम लोगों का कहना है कि इस तरह की कार्रवाई से भ्रष्टाचार पर अंकुश लगेगा और सरकारी योजनाओं का लाभ सही लाभार्थियों तक पहुंचेगा। निगरानी विभाग ने स्पष्ट किया है कि भ्रष्टाचार के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।







