Bihar Chunav Result:
पटना, एजेंसियां। बिहार विधानसभा चुनाव 2025 की मतगणना सुबह 8 बजे शुरू होते ही सभी 38 जिलों के केंद्रों पर हलचल बढ़ गई। पोस्टल बैलेट की गिनती पूरी होते ही ईवीएम खोले गए और शुरुआती रुझानों में एनडीए ने बढ़त बना ली है। दो चरणों में हुए चुनाव के वोटों की गिनती तेजी से जारी है और अब रुझान लगभग सभी सीटों से आने लगे हैं।
जानकारी के अनुसार:
सबसे ताज़ा जानकारी के अनुसार शुरुआती रुझानों में एनडीए 132 सीटों पर आगे चल रहा है, जबकि महागठबंधन 65 सीटों पर अग्रिम स्थिति में है। इसी बीच राघोपुर से तेजस्वी यादव आगे चल रहे हैं जबकि महुआ विधानसभा क्षेत्र से उनके भाई तेज प्रताप यादव पीछे चल रहे हैं। बिहार के कई महत्वपूर्ण क्षेत्रों से आए रुझान राजनीतिक माहौल को और चौंकाने वाले बना रहे हैं। बेगूसराय में कांग्रेस बढ़त बनाए हुए है। तेघड़ा में भाजपा, बछवाड़ा में कांग्रेस और बखरी में सीपीआई आगे है। चेरिया बरियारपुर और साहेबपुर कमाल में राजद ने बढ़त बनाई है, जबकि मटिहानी सीट पर भी राजद आगे चल रहा है।
अब तक आए कुल 222 रुझानों में भाजपा 76, जदयू 49 और लोजपा रामविलास 4 सीटों पर आगे चल रही है। हम और रालोमो एक-एक सीट पर बढ़त के साथ हैं। दूसरी ओर महागठबंधन में राजद 72, कांग्रेस 9, सीपीआईएम 2 और वीआईपी तथा सीपीआई-एमएल एक-एक सीट पर आगे है। रुझानों के अनुसार एनडीए लगातार मजबूती से बढ़त बनाए हुए है। सुबह 8:30 बजे तक पोस्टल बैलेट के रुझान आने लगे थे, जिनमें भी एनडीए ही आगे था। पोस्टल बैलेट में भाजपा 27 और जदयू 20 सीटों पर आगे चली थी, जबकि राजद 22 और कांग्रेस 4 सीटों पर। जैसे-जैसे ईवीएम की गिनती के राउंड बढ़ रहे हैं, मुकाबला और स्पष्ट होता जा रहा है। अगले कुछ घंटों में तस्वीर साफ हो जाएगी कि बिहार की सत्ता पर किस गठबंधन का कब्जा होगा और 2025 के राजनीतिक समीकरण किस दिशा में जाएंगे।

