Bihar Chunav:
पटना,एजेंसियां। बिहार विधानसभा चुनाव के दूसरे और अंतिम चरण के मतदान में मतदाताओं में जबरदस्त उत्साह देखा जा रहा है। मंगलवार को सुबह 7 बजे से शुरू हुई वोटिंग दोपहर 1 बजे तक 47.62 फीसदी तक पहुंच गई। पूरे राज्य में शांतिपूर्ण और निष्पक्ष चुनाव संपन्न कराने के लिए चार लाख से अधिक सुरक्षाकर्मी तैनात किए गए हैं।निर्वाचन आयोग के मुताबिक, दूसरे चरण में 20 जिलों की 122 विधानसभा सीटों पर मतदान जारी है। कुल 45,399 मतदान केंद्र बनाए गए हैं, जिनमें से 40,073 ग्रामीण इलाकों में स्थित हैं। इन सीटों पर 1,302 उम्मीदवार मैदान में हैं, जिनकी किस्मत ईवीएम में बंद हो रही है।
चुनाव आयोग के आंकड़ों के अनुसार:
चुनाव आयोग के आंकड़ों के अनुसार, दोपहर एक बजे तक किशनगंज में सबसे अधिक 51.86%, जबकि नवादा में सबसे कम 43.45% मतदान दर्ज किया गया है। वहीं गया, जमुई, औरंगाबाद और बांका जिलों में भी मतदाताओं की लंबी कतारें देखी गईं। आयोग हर दो घंटे पर मतदान प्रतिशत का अपडेट जारी कर रहा है।
निर्वाचन अधिकारी ने बताया:
निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि सभी मतदान केंद्रों पर सुरक्षा और निगरानी के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। हर बूथ पर सुरक्षाकर्मी तैनात हैं और ड्रोन से भी निगरानी की जा रही है। राज्यभर में मतदान प्रक्रिया अब तक शांतिपूर्ण रही है।राजनीतिक दलों के नेता लगातार मतदाताओं से घर से बाहर निकलकर मतदान करने की अपील कर रहे हैं। आयोग को उम्मीद है कि मतदान प्रतिशत शाम तक 60 फीसदी के आसपास पहुंच सकता है। बिहार में इस चरण के मतदान के साथ ही विधानसभा चुनाव का निर्णायक चरण पूरा हो जाएगा।







