Bihar Assembly session
पटना, एजेंसियां। 18 वीं बिहार विधानसभा के द्वितीय सत्र के सफल और शांतिपूर्ण संचालन को लेकर विधानसभा अध्यक्ष डॉ. प्रेम कुमार की अध्यक्षता में दलीय नेताओं की बैठक आयोजित की गई। बैठक में अध्यक्ष ने सभी दलों से सदन में सकारात्मक माहौल बनाए रखने और स्थापित परंपराओं के अनुसार कार्य संचालन सुनिश्चत करने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि यदि सत्र सुचारू रूप से चले तो जनहित के विषयों पर सार्थक विचार-विमर्श संभव होगा और सत्ता पक्ष व विपक्ष के सहयोग से जन समस्याओं का समाधान हो सकेगा।
स्थापना दिवस पर विशेष कार्यक्रम का आयोजन
बैठक में अध्यक्ष ने दलीय नेताओं को जानकारी दी कि 7 फरवरी को बिहार विधानसभा भवन के स्थापना दिवस के अवसर पर सेंट्रल हॉल में एक विशेष व्याख्यान कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इस कार्यक्रम में लोकसभा अध्यक्ष, राज्यसभा के उपसभापति और भारत सरकार के संसदीय मामलों के केंद्रीय मंत्री विशेष रूप से आमंत्रित हैं। सभी दलीय नेताओं और उनके विधायकों से इस कार्यक्रम में शामिल होने का अनुरोध किया गया।
शून्यकाल को ऑनलाइन करने का प्रस्ताव
बैठक में अध्यक्ष ने शून्यकाल को ऑनलाइन करने के सुझाव पर भी चर्चा की, ताकि सदस्यों को भौतिक रूप से उपस्थित होने की आवश्यकता न पड़े और उनके महत्वपूर्ण समय की बचत हो। सभी दलीय नेताओं ने इस प्रस्ताव पर सहमति जताई और सदन के संचालन में सहयोग देने का भरोसा दिया।
उपस्थित विशिष्ट अतिथियां और मंत्रीगण
बैठक में उपमुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा, संसदीय कार्य मंत्री विजय कुमार चौधरी, उपाध्यक्ष नरेन्द्र नारायण यादव, ऊर्जा, योजना एवं विकास, वित्त एवं वाणिज्य कर मंत्री बिजेन्द्र प्रसाद यादव, ग्रामीण विकास एवं परिवहन मंत्री श्रवण कुमार, सदस्य आलोक कुमार मेहता, अरुण सिंह, माधव आनंद, इन्द्रजीत प्रसाद गुप्ता, सतीश कुमार सिंह यादव, कुमार सर्वजीत, डॉ. प्रकाश चंद्र और ज्योति देवी सहित सचिवालय के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
बैठक में सभी दलों ने सदन के सुचारू संचालन और स्थापना दिवस कार्यक्रम में सहभागिता देने का भरोसा जताया, जिससे सत्र और कार्यक्रम दोनों को सफल बनाने का मार्ग प्रशस्त होगा।


















