Ram Vilas Paswan: बिहार विधानसभा में फिर हंगामा, रामविलास पासवान पर टिप्पणी को लेकर लोजपा विधायकों का प्रदर्शन

2 Min Read

Ram Vilas Paswan

पटना, एजेंसियां। बिहार विधानसभा के बजट सत्र के दौरान आज एक बार फिर राजनीतिक माहौल गरमा गया, जब लोजपा (रामविलास) के विधायकों ने पूर्व केंद्रीय मंत्री रामविलास पासवान को ‘बेचारा’ कहे जाने के विरोध में प्रदर्शन किया। विधायक पोस्टर-बैनर लेकर विधानसभा परिसर पहुंचे और जोरदार नारेबाजी की। प्रदर्शनकारी विधायकों ने राजद से सार्वजनिक माफी की मांग करते हुए कहा कि यह दलित समाज और बड़े नेता का अपमान है।

पोस्टरों में राजद पर दलितों का अपमान करने के आरोप

प्रदर्शन के दौरान लगाए गए पोस्टरों में राजद पर दलितों का अपमान करने के आरोप लगाए गए। लोजपा (रामविलास) के विधायकों ने कहा कि वे अपने नेता की छवि पर किसी भी तरह की टिप्पणी बर्दाश्त नहीं करेंगे।

राजद विधायक भाई वीरेंद्र ने कहा

इस मामले पर प्रतिक्रिया देते हुए राजद विधायक भाई वीरेंद्र ने कहा कि यह मुद्दों से ध्यान भटकाने की कोशिश है। वहीं राजद विधायक सर्वजीत ने कहा कि रामविलास पासवान उनके भी आदर्श रहे हैं और उन्होंने विधानसभा परिसर में उनकी प्रतिमा लगाने की मांग की थी।

दरअसल, विवाद की शुरुआत सदन में दिए गए उस बयान से हुई, जिसमें रामविलास पासवान के संदर्भ में ‘बेचारे’ शब्द का इस्तेमाल किया गया था। इसी टिप्पणी के बाद से लोजपा (रामविलास) के विधायक लगातार विरोध कर रहे हैं और सदन के बाहर व अंदर हंगामा जारी है।

Share This Article