IPS Anand Mishra:
पटना, एजेंसियां। बिहार में विधानसभा चुनाव को लेकर हलचल बढ़ गई है। पूर्व आईपीएस अधिकारी आनंद मिश्रा ने बीजेपी का दामन थाम लिया है। उनके साथ पूर्व केंद्रीय मंत्री नागमणि कुशवाहा और राज्य की पूर्व मंत्री सुचित्रा सिन्हा भी भाजपा में शामिल हुईं।
पटना में हुआ मिलन समारोहः
इन सभी नेताओं ने पटना स्थित भाजपा कार्यालय में पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष दिलीप जायसवाल, उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और विजय सिन्हा की मौजूदगी में भाजपा की सदस्यता ली।
बिहार को मजबूत बनाना हैः
भाजपा जॉइन करने के बाद आनंद मिश्रा ने कहा कि बिहार को मजबूत बनाने के लिए भाजपा को मजबूत करना जरूरी है और इसी सोच के साथ उन्होंने पार्टी की सदस्यता ली है। चुनाव लड़ने को लेकर उन्होंने स्पष्ट किया कि वह किसी टिकट के दावेदार नहीं हैं, बल्कि पूरी निष्ठा के साथ भाजपा के लिए काम करते रहेंगे।
पहले जन सुराज पार्टी से जुड़े थे आनंदः
आनंद मिश्रा पहले प्रशांत किशोर की जन सुराज पार्टी से जुड़े हुए थे और उन्हें यूथ विंग की जिम्मेदारी दी गई थी। हालांकि हाल के दिनों में वह पार्टी से दूरी बना चुके थे। उन्होंने 2024 के लोकसभा चुनाव में बक्सर से निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में भी किस्मत आजमाई थी, लेकिन सफलता नहीं मिली थी। अब चर्चा है कि वह बक्सर की किसी विधानसभा सीट से चुनावी मैदान में उतर सकते हैं।
पिछड़ों की आवाज उठाते रहे हैं नागमणिः
भाजपा में शामिल हुए एक अन्य दिग्गज नेता नागमणि कुशवाहा, बिहार के प्रसिद्ध समाजवादी नेता स्वर्गीय जगदेव प्रसाद के पुत्र हैं। पिछड़े वर्गों के हक में आवाज उठाने वाले नागमणि ने इससे पहले आरजेडी, जेडीयू और लोजपा जैसी पार्टियों में काम किया है और वाजपेयी सरकार में केंद्रीय मंत्री भी रहे हैं।
बिना किसी शर्त के ज्वाइन कियाः नागमणि:
भाजपा जॉइन करने के बाद नागमणि कुशवाहा ने कहा कि उन्होंने बिना किसी शर्त के पार्टी का दामन थामा है और पार्टी जो भी जिम्मेदारी देगी, उसे पूरी ईमानदारी से निभाएंगे। उन्होंने विश्वास जताया कि आगामी चुनाव में कुशवाहा समाज भाजपा और एनडीए के साथ एकजुट होकर खड़ा रहेगा।
इसे भी पढ़ें
