अयोध्या में मुंडन करवाकर तोड़ेंगे अपना संकल्प
पटना, एजेंसियां। बिहार भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष और प्रदेश के उप-मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी करीब 21 माह बाद अपने सिर से मुरेठा खोलने जा रहे हैं।
वे अयोध्या में सिर मुंडवाकर भगवान राम के चरणों में पगड़ी समर्पित करेंगे। सम्राट ने कहा कि दो और तीन जुलाई को वे इसके लिए अयोध्या दौरे पर रहे हैं।
व्यक्तिगत निर्णय से बड़ा है बिहार का विकास
सम्राट चौधरी ने कहा कि जब मैंने यह बात कही थी तो वो भावुक क्षण था। लेकिन, भाजपा के पूरे प्रदेश नेतृत्व और राष्ट्रीय नेतृत्व ने जब निर्णय लिया कि नीतीश कुमार के साथ जायेंगे तो अब मैंने निर्णय लिया है कि मैं अयोध्या जा रहा हूं।
मैं अपना सिर मुंडवाऊंगा और मुरेठा प्रभु श्रीराम के चरणों में दूंगा। बिहार के विकास के लिए व्यक्तिगत कुछ नहीं हो सकता है। व्यक्तिगत निर्णय को निरस्त भी किया जा सकता है।
भाजपा विपक्ष में थी, तब सम्राट ने किया था ये ऐलान..
बता दें कि चौधरी ने सितम्बर 2022 में अपनी मां के निधन के बाद पगड़ी (मुरेठा) बांधी थी और ऐलान किया था कि वह इस पगड़ी को तब खोलेंगे जब नीतीश कुमार को सीएम पद की कुर्सी से हटा देंगे।
भाजपा उस समय विपक्ष में थी। प्रदेश में सियासी समीकरण बदल चुके थे और जदयू एनडीए से अलग होकर महागठबंधन का हिस्सा बनी हुई थी।
लेकिन, लोकसभा चुनाव से पहले फिर एकबार बिहार में सियासी समीकरण बदला और जदयू ने फिर एकबार भाजपा के साथ मिल कर सूबे में एनडीए की सरकार बनायी।
इस सरकार के मुखिया नीतीश कुमार ही रहे जबकि सम्राट चौधरी भी उपमुख्यमंत्री बनाए गए। सम्राट चौधरी ने तब ही बयान देकर स्पष्ट कर दिया था कि वो अयोध्या जाकर अपना मुरेठा खोलेंगे।
इसे भी पढ़ें
लालू ने किडनी लेने के बाद बेटी को चुनाव टिकट दिया: सम्राट चौधरी