रांची : भाजपा के नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी ने प्रदेश भाजपा कार्यालय में शनिवार को प्रदेश अध्यक्ष का पदभार संभाला। पार्टी के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष और सांसद दीपक प्रकाश तथा पार्टी के वरिष्ठ नेता लक्ष्मीकांत वाजपेयी समेत अन्य नेताओं की उपस्थिति में बाबूलाल ने नये प्रदेश अध्यक्ष का पदभार संभाला। इस मौके पर श्री मरांडी ने कहा कि राष्ट्रीय नेतृत्व ने जिस उम्मीद और विश्वास से उन्हें यह महत्वपूर्ण जिम्मेवारी दी है, सभी के सहयोग से उस पर खरा उतरने का प्रयास करेंगे।
उन्होंने कहा कि चुनाव में असली लड़ाई बूथों पर होती है होती हैं इसलिए जहां बूथों का गठन अधूरा है उसे संगठन महामंत्री की ओर से दी गयी समय सीमा के अंदर पूरा करना है। बूथ हम जीते तो लोकसभा और विधानसभा भी हम जीतेंगे। उन्होंने जनप्रतिनिधियों, विधायक, सांसद और पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ टिफिन बैठक करने की बात दुहराई।
श्री मरांडी ने कहा कि यह देवों के देव महादेव के सावन का पवित्र महीना है। यह खेती बारी का भी मौसम है। दुनियां में जितना भी कल्चर है उसके मूल में एग्रीकल्चर होता है। 4 जुलाई को जिस दिन मेरे अध्यक्ष बनने की घोषणा हुई वह सावन माह का पहला दिन था। यह हमारे लिए बहुत सौभाग्य है। संगठन से जोड़ने के लिए हम सबों ने समाज के सभी वर्गों से सभी से संपर्क किया और नरेंद्र मोदी सरकार के नौ वर्षों की उपलब्धि को पहुंचाया। उपलब्धि तो पहले से पहुंची हुई है, हमें सिर्फ याद दिला देना है। इसमें कंजूसी कार्यकर्ता न करें।
महाजनसंपर्क अभियान 2024 में नरेंद्र मोदी को पुनः प्रधानमंत्री बनाने तक जारी रखना है, यह समाप्त नहीं होना चाहिए। श्री मरांडी ने कहा कि देश में लुटेरों का गठबंधन हो रहा है। हम सबों के सामने चुनौती है। कार्यकर्ताओं को तैयार रहना होगा। गठबंधन करने वाले लोग भारत ही नहीं दुनिया में घूम घूम कर कहते हैं कि लोकतंत्र की हत्या हो रही है।
सही मायनों में गठबंधन करने वाले लोग लोकतंत्र की हत्या कर रहे हैं। बंगाल में विषम परिस्थितियों में बीजेपी ने पंचायत चुनाव में प्रचंड जीत हासिल की, सभी कार्यकर्ता का आभार है। साथ ही उन्होंने पंचायत चुनाव में मृत कार्यकर्ताओं के प्रति संवेदना भी प्रकट की। बंगाल में जब भी कोई चुनाव हुआ तभी हिंसा हुई परंतु मिल बैठकर इन दलों ने कभी इस घटना की भ्रत्सना तक नहीं की। बिहार की घटना को ही देखिए, जिस प्रकार लाठीचार्ज हुआ, भाजपा के एक जिला महामंत्री की हत्या हुई वह किसी से छुपा नहीं है। झारखंड की सरकार भी इससे भिन्न नहीं है। हम सबों को संघर्ष के लिए तैयार रहना होगा। झारखंड में पिछले कुछ दिनों की घटना देखिए। चाहे गढ़वा की हो, धनबाद की हो या टुंडी की घटना हो, झारखंड में कार्यकर्ताओं की हत्या और हमले की लंबी फेहरिस्त है।
श्री मरांडी ने कार्यकर्ताओं में ऊर्जा का संचार करते हुए कहा कि अब चुप रहने का वक्त नहीं है। अब यह नहीं सोचना है कि प्रदेश से आदेश मिलेगा तभी कुछ करेंगे। आप प्रदेश को सूचना कीजिए कि फलां मामला है हमलोग वहां जा रहे हैं। हमें भाजपा सरकार की उपलब्धियों को बार-बार दुहराना है। हमें सभी को बताना है कि भाजपा ने इस राज्य को सम्मान दिया। आदिवासी राष्ट्रपति, अलग आदिवासी मंत्रालय भाजपा की देन है। भाजपा की संचालित सभी योजनाओं को सही तरीके से जनता के समक्ष रखने की जरूरत है।
श्री मरांडी ने कहा कि झारखंड की सरकार लुटेरी है। सरकार ने कोयला, बालू, पत्थर, जमीन तक को लूटने का काम किया है। राज्य में भ्रष्टाचार चरम पर है। उन्होंने कहा की कई सेवा के लिए पैसों की जरूरत नहीं होती। आप गांवों में रोजमर्रे की समस्याओं से जूझ रहे लोगों की समस्या का उचित विभाग जाकर उनकी समस्या का समाधान कर सेवा कर सकते हैं। अधिकारी और सरकार को बताना होगा कि बीजेपी के कार्यकर्ता अब जाग चुके है। कोई गड़बड़ी नहीं चलेगी। श्री मरांडी ने कहा कि जब तक टीम की कोई रचना नहीं हो जाती है। तब तक सभी पदाधिकारी अपने दायित्वों का निर्वहन करते रहेंगे।
मौके पर पार्टी के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष दीपक प्रकाश ने कहा कि बाबूलाल मरांडी प्रदेश अध्यक्ष के रूप में अब हम सबों के अगुआ हैं, नेतृत्वकर्त्ता हैं। एक कार्यकर्ता के रूप में सदैव खड़ा रहूंगा। हम सभी सौभाग्यशाली हैं कि बाबूलाल मरांडी जैसा अध्यक्ष हम सभी को मिला है। जिनके पास संगठन चलाने, नेतृत्व करने सहित राज्य सरकार के कुशासन से मुकाबला करने की असीमित क्षमता है। भावी चुनावों को अवसर में बदलने का काम उनके नेतृत्व में एक-एक कार्यकर्ता करके लोकसभा की सभी 14 सीट जीतकर नरेंद्र मोदी को पुनः प्रधानमंत्री बनाने में अपना बहुमूल्य योगदान देने का काम करेंगे।
वहीं विधान सभा चुनाव में इस गठबंधन सरकार को उखाड़ कर यहां कमल खिलाने में एक एक कार्यकर्ता जी जान लगा देंगे। वहीं, वरिष्ठ भाजपा नेता कड़िया मुंडा ने कहा कि आज भाषण का दिन नहीं है। आज बाबूलाल जी आशीर्वाद और स्नेह देने का दिन है। बाबूलाल मरांडी को संगठन से लेकर सरकार चलाने तक का सभी अनुभव है। इनमें अनुभव की कोई कमी नहीं है।
तपे हुए हैं, उतार चढ़ाव भी देखा है, कहीं कोई कमी नहीं है। कार्यकर्ताओं से उन्होंने आग्रह किया कि सभी बाबूलाल जी को सहयोग करें। साथ ही उन्होंने बाबूलाल जी को भी सुझाव देते हुए कहा कि सभी को साथ लेकर आप आगे बढ़ें और पार्टी के लक्ष्य तक पहुंचने का काम करें। चुनाव का समय आ रहा है। आज से ही उस दृष्टिकोण से कैसे किस कार्यकर्ता को जोड़ना है इसकी चिंता शुरू हो। इसी तरह भाजपा एसटी मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष समीर उरांव ने कहा कि बाबूलाल मरांडी पार्टी के लिए नए नहीं हैं। जब झारखंड गठन के पूर्व भाजपा अपना विस्तार कर रही थी तब से इन्होंने पार्टी को सींचा है, आगे बढ़ाया है। इनको लंबा अनुभव रहा है। कुशल संगठनकर्ता हैं। राज्य के एक एक प्रखड़ तक पहुंचें हुए नेता हैं। कहीं भी कोई समस्या हो, घटना होती है, सबसे पहले बाबूलाल मरांडी पहुंचने का काम करते हैं। भाजपा के संघर्ष का लंबा इतिहास है। आज संगठन लगातार विस्तार कर रहा है। नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में आज भाजपा पूरी दुनिया को राह दिखा रहा है। बाबूलाल जी के नेतृत्व में और सभी कार्यकर्ताओं के स्नेह से झारखंड में भारतीय जनता पार्टी को आगे बढ़ाने का संकल्प हम सब दुहराते हैं। मौके पर केंद्रीय राज्य मंत्री अन्नपूर्णा देवी ने कहा कि बाबूलाल जी कोई नया चेहरा नहीं हैं। हम सभी उनके कार्यों से वाकिफ हैं। आदरणीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और जेपी नड्डा ने श्री मरांडी पर जो विश्वास जताया है 2024 में निश्चित रूप से लोकसभा और विधानसभा चुनावों में पार्टी परचम लहराएगी। डबल इंजन की सरकार बनेगी। आपके संघर्ष, आपकी क्षमता, कार्यकर्ताओं के प्रति आपका स्नेह हम सभी जानते हैं। आप एक कुशल संगठनकर्ता है। आपको जब कभी भी बोलेंगे पार्टी हित में कोडरमा लोकसभा की ओर से पूरा सहयोग हम सबों का रहेगा। आपके नेतृत्व में पार्टी और झारखंड निरंतर आगे बढ़े यही शुभकामना है।
दायित्व परिवर्तनशील : कर्मवीर सिंह
कार्यक्रम में प्रदेश संगठन महामंत्री कर्मवीर सिंह ने कहा कि हर संगठन का एक क्रम है। दायित्व परिवर्तनशील है। हर कार्यकाल की अपनी एक सीमा होती है। 3 वर्षों तक संगठन और पार्टी की शक्ति को बढ़ाने का काम दीपक प्रकाश के साथ हम सबों ने किया है। भारतीय जनता पार्टी हमेशा चुनावी मोड में रहती है। केंद्र सरकार के 9 वर्ष की उपलब्धियों को लेकर 30 मई से लेकर 30 जून तक महा जनसंपर्क अभियान चलाया गया। हम सभी ने इस दौरान सभी बूथों पर जाकर नरेंद्र मोदी सरकार की उपलब्धि बताने का काम किया है।
श्री सिंह ने कहा कि आज से विधिवत रूप से बाबूलाल जी अध्यक्ष हैं। हम सबों को स्नेह मिलन के नाम को सार्थक करना है और झारखंड में कमल खिलाना है। 16 जुलाई को सभी जनप्रतिनिधि, विधायक, सांसद, सभी जिला अध्यक्ष, प्रत्याशी को पुराने कार्यकर्ताओं के साथ टिफिन बैठक करना है। शक्ति केंद्रों के संयोजक, मंडलों के पदाधिकारी, मोर्चा के अध्यक्ष महामंत्री जिला के पदाधिकारी अपना भोजन लेकर आएंगे और बैठक में शामिल होंगे।
बैठक के बाद फोटो भी अपलोड करना है। बूथ जीतो, चुनाव जीतो का मंत्र के लिए बूथ सशक्तिकरण का काम पार्टी द्वारा किया गया है। 22000 बूथों पर का काम पूरा हो चुका है। 29464 बूथ है। जिसमें 31की कार्यकारिणी है। 25 जुलाई तक सभी अधूरे बूथों का काम पूरा कर लेना है। महाजनसंपर्क अभियान अभी जारी रहेगा। कार्यक्रम का संचालन प्रदेश महामंत्री बालमुकुंद सहाय ने किया।