नयी दिल्ली : आम आदमी पार्टी (आप) पिछले लगभग एक दशक से तमाम सियासी उठापटक के बावजूद दिल्ली की सत्ता के गलियारों में अपनी पकड़ बनाए हुए है। पार्टी में कुछ ऐसे नाम हैं जो बहुत शुरू से इसके साथ जुड़े हैं और इसकी मजबूती के लिए काम कर रहे हैं। इन लोगों पर किसी भी मौके पर किसी भी तरह की बड़ी जिम्मेदारी के लिए भरोसा किया जा सकता है।
आतिशी सिंह आम आदमी पार्टी का एक ऐसा ही चेहरा हैं।वर्ष 2019 के लोकसभा चुनाव में आप ने सबसे पहले अपने जिन उम्मीदवारों के नामों का ऐलान किया था, उनमें पूर्वी दिल्ली से मैदान में उतारी गईं आतिशी भी शामिल थीं। अब उन्हें दिल्ली का नया शिक्षा मंत्री बनाया गया है। शिक्षा विभाग के अलावा, लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी), महिला एवं बाल विकास, ऊर्जा, कला-संस्कृति एवं भाषा तथा पर्यटन विभाग भी उनके जिम्मे होंगे।
प्रोफेसर दंपत्ति के यहां हुआ जन्म
आतिशी का जन्म आठ जून 1981 को दिल्ली यूनिवर्सिटी के प्रोफेसर दंपत्ति विजय सिंह और तृप्ता सिंह के यहां हुआ। कुछ लोगों का कहना है कि उनके पिता ने उन्हें आतिशी मार्लेना नाम दिया था। उन्होंने मार्क्स और लेनिन से लिए गए कुछ अक्षरों को मिलाकर उनके लिए यह नया नाम चुना था। लेकिन वर्ष 2019 के लोकसभा चुनाव के प्रचार के दौरान उन्होंने अपने नाम से मार्लेना शब्द हटा लिया। क्योंकि इससे उनके ईसाई होने का भ्रम होता था।
कालकाजी से आप की विधायक आतिशी पार्टी की राजनीतिक मामलों की सदस्य होने के साथ कई अन्य जिम्मेदारियां निभा चुकी हैं। आतिशी ने दिल्ली यूनिवर्सिटी के सेंट स्टीफंस कॉलेज से वर्ष 2001 में ग्रेजुएशन किया है और आगे की पढ़ाई उन्होंने ऑक्सफोर्ड यूनिवर्सिटी से की है।