दिल्ली कूच का कार्यक्रम दो दिन के लिए स्थगित
नई दिल्ली। किसान आंदोलन के दौरान हरियाणा के खनौरी बोर्डर पर पुलिस और आंदोलनकारियों के बीच हिंसक झड़प में एक और आंदोलनकारी की मौत हो गई है।
आंदोलन के दौरान ये चौथी मौत है। मरनेवाले युवक का नाम शुभ करण सिंह है। उसकी उम्र महज 21 साल है।
पास के ही राजेंद्र अस्पताल के डॉक्टरों के मुताबिक वहां, तीन घायलों को वहां लाया गया था, जिसमें से एक की मौत हुई है।
तीनों पुलिस के साथ हुई झड़प में घायल हुए थे। उधर, हरियाणा पुलिस ने दावा किया है कि युवक की मौत पुलिस की गोली से नहीं हुई है।
इधर, इस आंदोलनकारी की मौत के बाद किसानों ने फिलहाल दो दिन के लिए दिल्ली कूच का कार्यक्रम स्थगित कर दिया है।
अखिल भारतीय किसान सभा के नेता सरवन पंढेर ने कहा है कि आंदोलनकारियों पर सरकार पहले आंसू गैस के गोले बरसा रही थी, अब असली गोलियां दागी जा रही हैं।
हम आज हुई मौत की जांच करेंगे। बता दें कि आंदोलनकारी किसानों के साथ केंद्र सरकार की चौथे दौर की वार्ता भी असफल हो चुकी है।
इसके बाद किसान आज से दिल्ली कूच की तैयारी कर रहे थे। वहीं संयुक्त किसान मोर्चा ने युवक की मौत पर आक्रोश जाहिर करते हुए कहा कि आंदोलनकारी किसान की मौत के लिए पुलिस औऱ केंद्र सरकार जिम्मेदार है।
इससे पहले खनौरी बॉर्डर पर ही एक और मौत 19 फरवरी को हुई थी। इस मृतक का नाम ज्ञान सिंह था और उसकी उम्र 65 साल थी।
आंदोलन के दौरान उनको दिल का दौरा पड़ा था, जिससे उसकी मौत हो गई। तीसरे मृतक मंजीत सिंह भारतीय किसान यूनियन से जुड़े हुए थे।
आंदोलन के दौरान बॉर्डर पर ही उनकी मौत हो गई थी। गुरुवार को हुई मौत पहली ऐसी घटना है, जिसमें पुलिस के साथ झड़प के दौरान जान गई है।
इसे भी पढ़ें
भारत आने वाले वर्षों में 10000 अरब अमेरिकी डॉलर की अर्थव्यवस्था बनने की राह पर:डब्ल्यूईएफ अध्यक्ष