Tej Pratap Yadav:
पटना, एजेंसियां। पटना से एक बड़ी राजनीतिक खबर सामने आ रही है। राष्ट्रीय जनता दल (RJD) सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव के बेटे तेज प्रताप यादव आज (18 जुलाई) शाम 5 बजे प्रेस कॉन्फ्रेंस में अपनी नई पार्टी का ऐलान कर सकते हैं। कुछ ही दिनों पहले उन्हें आरजेडी से छह साल के लिए निष्कासित कर दिया गया था। इसके साथ ही उन्हें पारिवारिक दायरे से भी बाहर कर दिया गया।
चुनाव से पहले बड़ा कदम
तेज प्रताप यादव वर्तमान में बिहार विधानसभा में हसनपुर से विधायक हैं और पूर्व में महुआ से भी विधायक रह चुके हैं। इस साल बिहार में विधानसभा चुनाव होने हैं, और ऐसे समय में तेज प्रताप द्वारा नई पार्टी बनाने का कदम राज्य की राजनीति में नई बहस को जन्म दे सकता है। माना जा रहा है कि वे अपने राजनीतिक भविष्य को सुरक्षित करने और स्वतंत्र रूप से चुनाव लड़ने के लिए यह निर्णय ले रहे हैं।
निष्कासन की वजह क्या थी?
तेज प्रताप यादव के निष्कासन की वजह बना उनका अनुष्का यादव से सार्वजनिक संबंध। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म “एक्स” पर खुद इस रिश्ते की पुष्टि की थी, जिसके बाद लालू प्रसाद यादव ने नैतिक मूल्यों का हवाला देते हुए उन्हें पार्टी और परिवार से बाहर कर दिया।
लालू यादव ने कहा था,”निजी जीवन में नैतिक मूल्यों की अवहेलना, हमारे सामाजिक न्याय के संघर्ष को कमजोर करती है। तेज प्रताप का लोक आचरण और गैर-जिम्मेदाराना व्यवहार परिवार और पार्टी के मूल्यों के खिलाफ है। इसलिए उन्हें पार्टी और परिवार से दूर करता हूं।”
क्या अनुष्का यादव भी होंगी साथ?
नई पार्टी की संभावित घोषणा से पहले यह सवाल भी उठ रहा है कि क्या अनुष्का यादव भी तेज प्रताप की पार्टी का हिस्सा होंगी? हालांकि, इस बारे में अभी कोई आधिकारिक जानकारी नहीं है, लेकिन राजनीतिक गलियारों में इसकी चर्चा तेज हो गई है।शाम की प्रेस कॉन्फ्रेंस में तेज प्रताप क्या रणनीति अपनाते हैं और बिहार की सियासत में नया समीकरण कैसे बनता है, इस पर सबकी नजरें टिकी हैं।
इसे भी पढ़ें
Tej Pratap Yadav:”डरने वाला नहीं हूं, जो लड़ाई लड़ेगा, वही जीतेगा” – तेज प्रताप यादव का भावुक बयान