रांची। यह मौका है विश्व आदिवासी दिवस का और यहां लगता है मानो पूरा जनजातीय समाज ही उमड़ पड़ा है। जनजातीय सभ्यता और संस्कृति का अनोखे संगम एक ही छत के नीचे आ गया है।
हम अभी मौजूद हैं झारखंड की राजधानी रांची के बिरसा स्मृति उद्यान में जहां, विश्व आदिवासी दिवस के मौके पर दो दिनी राजकीय महोत्सव का आयोजन किया जा रहा है।
शुक्रवार को इस महोत्सव का उद्घाटन झारखंड के राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार ने किया। मौके पर विशिष्ट अतिथि के रूप में दिशोम गुरु शिबू सोरेन मौजूद रहे।
कार्यक्रम की अध्यक्षता मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने की। उनकी पत्नी सह विधायक कल्पना सोरेन के अलावा कला व संस्कृति मंत्री दीपक बिरुआ भी मौजूद रहे।
महोत्सव की शुरुआत रीझ रंग शोभा यात्रा से हुई, जो करमटोली चौक से शुरू होकर बिरसा मुंडा स्मृति उद्यान तक आई।

शोभायात्रा में सैकड़ों की संख्या में विभिन्न आदिवासी समूह के लोग शामिल थे। शोभायात्रा के बाद कार्यक्रम के विशिष्ट अतिथि के रूप में जेएमएम सुप्रीमो और राज्यसभा सांसद शिबू सोरेन ने बिरसा मुंडा स्मृति उद्यान में प्रवेश किया।
शिबू सोरेन व्हील चेयर पर कार्यक्रम में पहुंचे थे। इसके बाद कार्यक्रम में एंट्री हुई राज्य के मुखिया हेमंत सोरेन की, साथ में थीं उनकी पत्नी और गांडेय से विधायक कल्पना सोरेन और एससी एसटी कल्याण विभाग मंत्री दीपक बिरुआ।
सभी लोग बिरसा मुंडा स्मृति उद्यान के मुंहाने पर खड़े प्रदेश के राज्यपाल संतोष गंगवार का इंतजार कर रहे थे। कुछ ही समय बाद राज्यपाल संतोष गंगवार का बिरसा मुंडा स्मृति उद्यान में आगमन होता है और पहले से तैयार खड़ी महिलाएं पारंपरिक रीति रिवाजों के साथ उनका स्वागत करती हैं।

इसके बाद मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन और राज्यपाल संतोष गंगवार ई-रिक्शा में सवार होकर मंच तक पहुंचते हैं। आप देख सकते हैं कि पहली सीट पर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन बैठे हैं और उनके ठीक पीछे उसी ई-रिक्शॉ पर कल्पना सोरेन और दीपक बिरुआ भी बैठे है।
इस दौरान बगल में खड़े लोग जय सरना और जोहार झारखंड का नारा लगा रहे हैं। इस बीच मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन और राज्यपाल संतोष गंगवार ने रिबन काटकर आदिवासी कला शिल्प प्रदर्शनी का शुभारंभ भी किया।
इसके बाद सभी लोग मंच पर पहुंचे और दीप प्रज्वलित कर इस दो दिवसीय झारखंड आदिवासी महोत्सव का शुभारंभ किया। इस दो दिवसीय कार्यक्रम में शामिल होने राज्य के कोने कोने से कलाकार रांची पहुंचे हैं।
इस दो दिवसीय कार्यक्रम में सांस्कृतिक कार्यक्रम, चित्रकला शैलियों की प्रदर्शनी, परिधान फैशन शो, लेजर शो जैसी चीजों का आयोजन किया जाएगा।
इसे देखने अभी से ही हजारों लोग बिरसा मुंडा स्मृति उद्यान में पहुंचना शुरू कर चुके हैं।
इसे भी पढ़ें
झारखंड आदिवासी महोत्सव आज, दिखेगी समृद्ध आदिवासी जीवन दर्शन की झलकियां