रांची। झारखंड में जनवरी के अंतिम सप्ताह में मौसम ने अचानक यू-टर्न लिया है। ठंड एक बार फिर हाड़ कंपाने लगी है। राज्य के अधिकांश हिस्सों में आसमान साफ है, लेकिन ठंडी हवाएं अपना असर दिखा रही हैं। मौसम विभाग के अनुसार, इस सप्ताह में ठंड से राहत मिलने की संभावना नहीं है। मौसम पूर्वानुमान के मुताबिक, सुबह के समय मैदानी इलाकों में कोहरा रहेगा, जबकि दिन में हल्के बादल छाए रहेंगे। हवा की रफ्तार सामान्य से थोड़ी अधिक रहेगी।
इस बदलाव के बाद, राज्य के 24 जिलों में से 18 जिलों का तापमान 10 डिग्री से नीचे आ गया है। 5 जिलों में न्यूनतम तापमान 8 डिग्री तक पहुंच गया है, जबकि बोकारो जिले में सबसे कम तापमान 7 डिग्री दर्ज किया गया है। कोडरमा, चतरा, लातेहार, पलामू और गढ़वा का तापमान 8 डिग्री पहुंच गया है।
कोहरा और धुंध भी रहेगाः
मौसम विभाग की रिपोर्ट के अनुसार, एक फरवरी तक सुबह के समय कोहरा और धुंध का प्रभाव बना रहेगा। इसके बाद आसमान साफ हो जाएगा और दिन में तेज धूप निकलेगी, लेकिन हवा की ठंडक के कारण धूप का प्रभाव कम होगा। ऐसे में आमजन को अभी भी ठंड और कनकनी वाली हवा का सामना करना पड़ सकता है।
इसे भी पढ़ें
लगातार चल रही ठंडी हवा से बढ़ी कनकनी, छाया रहेगा कोहरा, जाने राज्य में मौसम का हाल